पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देश कांग्रेस मुक्त और झारखंड झामुमो मुक्त राज्य बनेगा। कांग्रेस डूबती नैया है, इस पर जो भी बैठेगा वह डूबेगा। देश की सबसे बड़ी पार्टी रह चुकी कांग्रेस की राजनीति आज सोनिया, राहुल, प्रियंका और वाड्रा के इर्द-गिर्द घूम रही है। एक परिवार वाली इस पार्टी को देश की जनता नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि झामुमो झारखंड मुद्रा मोचन पार्टी बन कर रह गई है।
दक्षिण भारत तक पहुंचा बीजेपी की जीत और विकास का रथ
झामुमो के सहयोग से चार आदिवासी मुख्यमंत्री बने। सभी ने आदिवासियों के साथ छल किया। अब कांग्रेस और झामुमो मुक्त झारखंड बनाने का समय आ गया है। कर्नाटक चुनाव में भाजपा को मिली सफलता के बाद वे मंगलवार को मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने तब आठ राज्यों में भाजपा की सरकार थी, अब 21 वें राज्य की ओर पार्टी बढ़ रही है। भाजपा स्वाभाविक रूप से शासन करने वाली पार्टी बन गई है। उत्तर भारत से पूर्वोत्तर राज्य होते हुए भाजपा की जीत और विकास का रथ दक्षिण भारत तक पहुंच चुका है।
रांची एयरपोर्ट पर 19 जिलों के डीसी के साथ बैठक करेंगे पीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 मई को झारखंड आएंगे। यहां 65 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। उन्होंने रांची एयरपोर्ट पर झारखंड के 19 जिलों के डीसी और एसपी के साथ बैठक करने की भी इच्छा जताई है।
सभी चुनाव एक साथ कराने की पक्षधर है भाजपा
सीएम ने कहा कि पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा का चुनाव एक साथ कराने की भाजपा पक्षधर है। इसके लिए सभी पार्टियों के बीच आम सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.