पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंराखी शर्मा
बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
स्पेन में हुई हालिया विश्व निशानेबाज़ी चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले भारत के जीतू राय अब एशियाई खेलों के लिए तैयार हैं.
इस बार एशियाई खेलों की मेजबानी कर रहे दक्षिण कोरिया के शहर इंचोन रवाना होने से पहले जीतू राय ने बीबीसी से ख़ास बातचीत की.
उन्होंने बताया, \"एशियाई खेलों में प्रतिस्पर्धा ओलंपिक से भी कड़ी होने वाली है. विश्व के बेहतरीन निशानेबाज़ एशिया में ही हैं और वो सब यहां हिस्सा लेंगे.\"
स्पेन के ग्रेनाडा में हुई आईएसएसएफ़ विश्व चैंपियनशिप में 50 मीटर पिस्टल इवेंट में रजत पदक जीत कर जीतू ने 2016 रियो ओलंपिक के लिए क्वॉलीफाई किया था.
लेकिन 10 मीटर एयर पिस्टल के फ़ाइनल में वो जगह बनाने से चूक गए थे.
इस पर जीतू ने कहा, \"एशियन गेम्स में मुझसे चूक नहीं होगी. ग्रेनाडा में 10 मीटर एयर पिस्टल में भी मेरा स्कोर अच्छा रहा था, लेकिन सिर्फ़ एक अंक से चूक हो गई. इसकी भरपाई में एशियन गेम्स में करूंगा.\"
करीब 40 देशों के निशानेबाज़ इंचियोन एशियाई खेलों में हिस्सा लेंगे.
\'मेडल पर ध्यान\'आईएसएसएफ की विश्व रैंकिंग के 10 मीटर एयर पिस्टल में जीतू नंबर एक और 50 मीटर में नंबर पांच पर हैं.
वो कहते हैं, \"मेरा ध्यान रैंकिंग पर नहीं मेडल जीतने पर होगा. रैंकिंग अच्छी होने से बस ये फ़ायदा होता है कि कॉम्पीटिशन में सब आपको नंबर एक की हैसियत से देखते हैं.\"
जीतू कहते हैं कि विश्व चैम्पियनशिप में मेडल जीतने के बाद उनका आत्मविश्वास और बढ़ गया है.
वो कहते हैं, \"ओलंपिक खेलना मेरा सबसे बड़ा सपना है. इससे पहले मैंने कभी ओलंपिक के बारे में इतना सोचा नहीं क्योंकि मेरा ध्यान ओलंपिक का कोटा हासिल करने पर था. लेकिन अब मेरी तैयारी ओलंपिक को ध्यान में रखकर हो रही है.\"
इंचियोन एशियाई खेलों में निशानेबाज़ी के मुक़ाबले 20 सितंबर से शुरू होंगे.
(बीबीसी हिंदी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.