पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबेंगलुरु. कर्नाटक में सरकार बनाने पर पेंच फंसा हुआ है। किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला, लिहाजा कांग्रेस-जेडीएस और बीजेपी मीडिया के सामने सरकार बनाने का दावा कर रही हैं। सबकी निगाहें प्रदेश के राज्यपाल वजुभाई वाला पर टिकीं हैं। 2002 में वजुभाई ने नरेंद्र मोदी के लिए राजकोट विधानसभा की अपनी सीट छोड़ दी थी। सरकार किसकी बनेगी, यह निर्भर करता है कि वजुभाई किस पार्टी को न्योता देते हैं। ऐसे में बताते हैं कि आखिर वजुभाई वाला हैं कौन? लेकिन उससे पहले 22 साल पुराना वो किस्सा सुनाते हैं जब वजुभाई वाला गुजरात में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष थे और पीएम रहे एचडी देवेगौड़ा ने गुजरात में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था।
जब देवेगौड़ा ने लगाया था राष्ट्रपति शासन
बात 1995 की है। जब वजुभाई वाला गुजरात बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष थे। पार्टी ने विधानसभा चुनाव जीता था और सुरेश मेहता को सीएम बनाया गया। ये वही दौर था जब एचडी देवेगौड़ा देश के प्रधानमंत्री बने थे। तब बीजेपी के नेता रहे शंकरसिंह वाघेला ने पार्टी में ही बगावत कर दी थी। उन्होंने 46 विधायकों को तोड़ लिया था। गुजरात में सरकार गिरने की नौबत आ गई। इधर कांग्रेस ने मौके का फायदा उठाया और उस वक्त प्रदेश के राज्यपाल रहे कृष्णपाल सिंह से सरकार भंग करने की मांग की।
- उस वक्त विधानसभा में काफी हंगामा हुआ। विपक्ष लगातार दबाव बनाए हुआ था। तब कृष्णपाल सिंह ने गुजरात में कॉन्स्टिट्यूशनल क्राइसिस घोषित कर दिया और एचडी देवेगौड़ा ने उस पर मोहर लगाकर गुजरात में राष्ट्रपति शासन की घोषणा कर दी थी।
- आरोप लगते हैं कि उस वक्त राज्यपाल ने बीजेपी को बहुमत साबित करने का मौका नहीं दिया था। गुजरात में करीब 6 महीने राष्ट्रपति शासन रहा। फिर शंकर सिंह बघेला ने आरजेपी नाम से नई पार्टी बनाई और कांग्रेस से मिलकर अक्टूबर 1996 में सरकार बना ली। आज 22 साल बाद दोनों किरदार वही हैं, वही वजुभाई वाला हैं, वही एच डी देवेगौड़ा की पार्टी है। लेकिन आज बाजी कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला के हाथ में है।
वजुभाई वाला से जुड़े फैक्ट्स
- वजुभाई वाला का जन्म राजकोट में एक व्यापारी परिवार में हुआ।
- वजुभाई 26 साल की उम्र में जनसंघ से जुड़े और बहुत जल्द ही केशुबाई के करीबी हो गए।
- वजुभाई 1980 में राजकोट के मेयर बने।
- नरेंद्र मोदी के गुजरात में सीएम के तौर पर 13 साल के कार्यकाल में वजुभाई वाला 9 साल तक वित्त मंत्री रहे।
- 1996 और 2005 में वजुभाई वाला गुजरात बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे।
- केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद साल 2014 में उन्हें कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.