पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Karnataka Election 2018: कांग्रेस का आरोप हमारे विधायकों का शिकार करने की साजिश कर रही है BJP

Karnataka Election 2018: कांग्रेस का आरोप- हमारे विधायकों का शिकार करने की साजिश कर रही है BJP

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बेंगलुरु. कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2018 में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। हालांकि, 104 सीटें जीतकर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है। कांग्रेस के पास 78 सीटें हैं। जनता दल सेक्युलर ने 38 सीटें जीती हैं। सरकार बनाने के लिए कुल 112 विधायकों की जरूरत होगी। यानी बीजेपी को अगर सरकार बनाना है तो उसे 8 विधायकों के समर्थन की जरूरत और होगी। वहीं, कांग्रेस ने जनता दल सेक्युलर को आगे कर सरकार बनाने की मंशा जताई है। इस बीच, कांग्रेस के सीनियर लीडर डीके. शिवकुमार ने बुधवार को न्यूज एजेंसी से कहा कि बीजेपी उनके विधायकों का शिकार (तोड़ने की कोशिश) करने की साजिश रच रही है। 

क्या चाहती है कांग्रेस?
- कांग्रेस की मंशा बिल्कुल साफ है। वो ये किसी कीमत पर नहीं चाहेगी कि राज्य में बीजेपी की सरकार बने। इसके लिए उसने बड़ा सियासी खेल खेला। जनता दल सेक्युलर से दोगुनी सीटें हासिल करने के बाद भी कांग्रेस ने कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनाने की पेशकश कर दी। गुलाम नबी आजाद और अशोक गहलोत मंगलवार से ही बेंगलुरु में मौजूद हैं। 
- खबर है कि कांग्रेस हाईकमान ने सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल को भी कर्नाटक भेज दिया है। पटेल ने गुजरात राज्यसभा चुनाव के दौरान बीजेपी को एक सीट हासिल करने से रोक दिया था। पटेल राज्यसभा पहुंच गए थे। माना जा रहा है कि कांग्रेस ने अहमद पटेल को आगे की रणनीति तय करने के लिहाज से ही कर्नाटक भेजा है। 
- कांग्रेस के सीनियर लीडर डीके. शिवकुमार ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वो उनके विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारे विधायकों पर काफी दबाव है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की साजिश सफल नहीं होगी क्योंकि कांग्रेस और जनता दल के पास इतनी सीटें हैं कि वो आराम से सरकार बना सकती हैं।

बीजेपी ने नहीं खोले पत्ते
- कर्नाटक बीजेपी के नेताओं का कहना है कि उन्हें कोई जल्दबाजी नहीं है क्योंकि उन्होंने सबसे ज्यादा सीटें जीती हैं और राज्य विधानसभा में वो बहुमत हासिल कर लेंगे। 
- राज्य बीजेपी बासवराज बोम्मई ने कहा- तस्वीर साफ होने में कम से कम 3 दिन लगेंगे। लेकिन, राजनीति संभावनाओं से भी देखी जाती है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है और वही सरकार बनाएगी। 
- वहीं, बीजेपी के एक और बड़े नेता केएस. ईशवरप्पा ने कहा- इसमें कोई शक नहीं, हम सौ फीसदी सरकार बनाने जा रहे हैं। थोड़ा इंतजार कीजिए। रिजल्ट एक दिन पहले ही तो आए हैं। इंतजार कीजिए और देखिए कि आगे क्या होता है। 
- इस बीच, बीजेपी के तीन बड़े नेता और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, जेपी. नड्डा और धर्मेंद्र प्रधान बेंगलुरु पहुंच गए हैं। ये तीनों नेता यहां की स्थिती का आकलन करने के बाद हाईकमान को रिपोर्ट देंगे। 

खबरें और भी हैं...