पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. मुख्य सचिव अंशु प्रकाश से मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस की एक टीम ने शुक्रवार शाम सीएम अरविंद केजरीवाल से उनके घर पर पूछताछ की। शाम करीब 5 बजे शुरू हुई पूछताछ में तीन घंटे के दौरान सीएम से 48 सवाल किए गए। पुलिस टीम के अनुसार उन्हें कई सवालों का संताेषजनक जवाब नहीं मिला है इसलिए दोबारा पूछताछ की जाएगी। इस बार सीएम केजरीवाल के साथ डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को सामने बैठाकर सवाल किए जाएंगे। इस मामले में पुलिस पहले ही 11 विधायकों के साथ मुख्यमंत्री के सलाहकार रहे वीके जैन से पूछताछ कर चुकी है। जैन को सरकारी गवाह भी बनाया जा सकता है। गौरतलब है कि मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने 20 फरवरी को आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री के आवास पर केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी (आप) के दो विधायकों अमानतउल्ला खान तथा प्रकाश जरवाल ने उन पर हमला किया था।
पुलिस वीडियो रिकॉर्डिंग कराई पर सीएम को सीडी देने से इनकार किया
- सीएम के पूछताछ के दौरान कमरे में नौ लोग मौजूद रहे। आठ लोगों ने सीएम के अलावा, उनके दो वकील और एडिशनल डीसीपी के साथ पांच पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने सीएम की मांग पर पूछताछ के दौरान वीडियो रिकार्डिंग कराई गई। इस रिकार्डिंग की कॉपी की सीडी सीएम को देने के सवाल पर पुलिस ने कहा कि सीएम ने रिकार्डिंग की कॉपी मांगी थी, लेकिन आईपीसी की धारा 161 के तहत हमने उन्हें सीडी देने से मना कर दिया।
पांच सवालों पर सीएम ने पुलिस को घुमाया, ठीक जवाब के लिए फिर से होगी पूछताछ
- मुख्य सचिव अंशु प्रकाश को थप्पड़ मारने के मामले की शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पूछताछ की गई। सीएम से पूछताछ उसी कमरे में हुई, जहां 19 फरवरी की देर रात सीएस से मारपीट की गई थी। पूछताछ टीम में एडिशनल पुलिस उपायुक्त हरेन्द्र सिंह, एसीपी सिविल लाइन अशोक कुमार त्यागी और चार इंस्पेक्टर शामिल थे। इससे पहले कमरे में पुलिस ने वीडियो कैमरे लगा दिए थे।
जिस सोफे पर बैठे थे सीएस, उसी पर बैठे डीपीसी
- पुलिसकर्मियों के पहुंचने से पहले ही सीएम अरविंद केजरीवाल अपने दो वकीलों के साथ पूछताछ होने वाले कमरे में पहुंच गए थे। सीएम जिस कुर्सी पर बैठते हैं, वहीं बैठे और उनकी साथ वाली कुर्सी पर उनके दोनों वकील बैठे थे। वारदात वाली रात जिस सोफे पर सीएस अंशु प्रकाश को बैठाया गया था, वहां एडिशनल डीसीपी और एसीपी अशोक त्यागी बैठे थे। सीएम ने पूछताछ के लिए आए पुलिसकर्मियों से उनका हालचाल पूछा। इसके बाद सवाल पूछने का क्रम शुरू हुआ।
तीन घंटे 15 मिनट हुई पूछताछ
- पूछताछ के दौरान पुलिस ने करीब 48 सवाल पूछे, जिनके जवाब देने में 3.15 घंटे का समय लगा। इस दौरान कई बार सीएम को परेशानी में देखा गया। इस बीच सीएम ने तीन बोतल पानी और एक कप चाय पी। चाय पीने के दौरान सीएम ने सभी पुलिसकर्मियों के लिए चाय मंगवाई थी, लेकिन किसी ने सीएम की चाय नहीं पी।
अब तक 11 विधायक और सीएम के निजी सचिव से हो चुकी है पूछताछ
- मामले में अभी तक पुलिस ने आम आदमी पार्टी के 11 विधायकों प्रकाश जारवाल, राजेश ऋषि, राजेश गुप्ता, ऋतुराज गोविंद, मदनलाल, अमानतुल्लाह खान, प्रवीण कुमार, अजय दत्त, दिनेश मोहनिया, संजीव झा और नितिन त्यागी के अलावा अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव विभव कुमार, कार्यकर्ता विवेक कुमार से पूछताछ की है।
- वहीं, मुख्य सचिव के दो सरकारी पीएसओ व चालक से पूछताछ कर चुकी है। सभी को सिविल लाइंस थाने में बुलाकर ही पूछताछ की गई। चूंकि मामला गंभीर है और इसलिए चार्जशीट दायर करने से पहले पुलिस मुख्य सचिव द्वारा लगाए गए आरोपों की सच्चाई जानने के लिए यह कार्रवाई कर रही है।
इन सवालों को लेकर फिर होगी पूछताछ
1. देर रात मीटिंग क्यों रखी और सीएस को क्यों बुलाया गया?
2. सीएस को प्रकाश जारवाल और अमानातुल्ला खान के बीच बैठाने का प्लान पहले से तय था क्या?
3. सीएस ने दोनों विधायकों से क्या कहा था, जिस पर दोनों को गुस्सा आया?
4. सीएस को फोन किसने किया था और किसके कहने पर किया गया था?
5. किसके मारने पर सीएस का चश्मा गिरा था। जब वह बाहर गए तो उन्हें क्यों रोका जा रहा था?
यह है मामला
- सीएस काे 19 फरवरी की आधी रात को 12 बजे सीएम ने आवास पर मीटिंग के लिए बुलाया। वहां उपमुख्यमंत्री,आप के 11 विधायक व वीके जैन मौजूद थे। सीएस को दो विधायकों के बीच में बैठाया गया। जिन्होंने उनसे बदसलूकी और हाथापाई की।
कब, क्या हुआ...?
4.25: बजे सिविल लाइन एसीपी चार इंस्पेक्टर के साथ वीडियो रिकॉर्डिंग का समान लेकर सीएम के घर पहुंचे।
4.45: बजे एडिशनल डीसीपी घर पहुंचे।
5:15: बजे पूछताछ शुरू की गई।
8.35: बजे पूछताछ खत्म हुई।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.