पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंखंडवा. गायक किशोर कुमार के खंडवा के बांबे बाजार स्थित पुश्तैनी बंगले की डील फाइनल हो गई है। संभवत: इसी हफ्ते उसकी रजिस्ट्री हो जाएगी। 7 हजार 200 स्क्वॉयर फीट के बंगले का सौदा 20 हजार रुपए स्क्वॉयर फीट के भाव से हुआ है यानी सौदा लगभग साढ़े 14 करोड़ रुपए में तय हुआ है। यह सौदा खंडवा के किसान व कॉलोनाइजर अभय जैन ने करीब दो हफ्ते पूर्व मुंबई में किशोर कुमार के बेटे सुमित कुमार, उनके वकील व पीए के साथ मिलकर किया।
बंगले के आसपास 15 से ज्यादा दुकानें
जैन ने सौदे की पुष्टि की है और बताया कि बंगले के आसपास 15 से ज्यादा दुकानें हैं। तीन दुकानों की रजिस्ट्री है और शेष दुकानों पर कब्जे के विवाद हैं। जिसे आपसी सहमति से सुलझाने में एक साल का वक्त लगेगा, जिसके बाद रजिस्ट्री होगी।
बंगले के स्थान पर बनेगा कॉम्पलेक्स
कुछ साल पहले भी इस तरह की चर्चा चली थी, लेकिन इस बार सौदा पक्का है। अभय जैन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि खंडवा के पुश्तैनी बंगले और दुकानों को लेकर गांगुली परिवार में विवाद था। उनके परिवार के सदस्यों में सामंजस्य बैठाकर मामले को सुलझा रहे हैं। बंगले की डील फाइनल हो गई है। सारे मामले सुलझाने के बाद ही बंगले की रजिस्ट्री होगी। उन्होंने कहा कि किशोर कुमार के खंडवा स्थित बंगले के स्थान पर कॉम्पलेक्स बनाया जाएगा। किशोर कुमार की स्मृतियों को भी सहेजेंगे।
इधर, अर्जुन कुमार बोले- बंगला नहीं बिका
मुंबई स्थित अनूप कुमार के बेटे अर्जुन कुमार से जब भास्कर ने चर्चा की तो उन्होंने कहा कि अभी बंगला नहीं बिका है। किसी ने अफवाह उड़ाई है। पता नहीं खंडवा में कौन रायता फैला रहा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.