पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपानीपत. सेक्टर-25 पार्ट-1 में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे राज ओवरसीज़ के स्टोर रूम में ड्रम से केमिकल निकालते समय लगी आग में तीन मजदूर झुलस गए। डॉवहीं, मैनेजर का दावा है कि कैमिकल निकालने के लिए मजदूर ड्रम को तिरछा कर रहे थे, तभी केमिकल निकालने वाले लोहे का पंप दीवार में रगड़ गया। इससे उठी चिंगारी से केमिकल में आग लगी। तीनों को सिवाह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक मजदूर की हालात नाजुक है।
चीखें सुन फैक्ट्री में भागदौड़ मच गई
राज ओवरसीज़ में निर्मित कारपेट, हैंड वोवन, बाथ रग्स जैसे आइटम एक्सपोर्ट होते हैं। मैनेजर वशिष्ठ का कहना है कि स्टोर रूम में अतिज्वलनशील एनीटोन नामक केमिकल रखा था। सोमवार को जितेंद्र(26) और कैलाश (30) ड्रम में से हाथ से चलाने वाले पंप से कैमिकल निकाल रहे थे। तभी आग लग गई। कैमिकल इतना ज्वलनशील था कि चंद सेकंड में ही आग बढ़ गई। जितेंद्र और कैलाश वहां से भाग निकले, तभी आकाश(19) वहां पहुंच गया। उसके कपड़ों ने आग पकड़ ली। चीखें सुन फैक्ट्री में भागदौड़ मच गई।
15 मिनट पहले ही ली थी दोस्तों के साथ सेल्फी
आकाश के दोस्त सचिन ने बताया कि 11 बजे लंच हुआ था। आकाश ने उसके साथ ही लंच किया था। हादसे से 15 मिनट पहले वह उसके साथ ही था। उसने अपने ही मोबाइल से दूसरे दोस्त अश्वनी को साथ लेकर सेल्फी ली थी। उसके बाद सभी अपने-अपने काम करने के लिए फैक्ट्री के अंदर चले गए। आकाश स्टोर रूम की तरफ गया था। इस लिए उन्हें लग रहा था कि कहीं वह भी आग में नहीं फंस गया है। पास जाकर देखा तो अंदाजा सही निकला।
चश्मदीद बोले- वेल्डिंग की चिंगारी से लगी आग
वहीं, चश्मदीद रवि, सचिन, अश्वनी और रिंकू का कहना है कि वेल्डिंग का काम हो रहा था। तभी केमिकल से भरे ड्रम पर चिंगारी गिरने से आग लगी। आकाश की तलाश शुरू की। रवि आकाश-आकाश चिल्ला रहा था, तब आकाश ने एक बार जबाव भी दिया। इससे उन्हें विश्वास हो गया कि आकाश भी आग में फंसा है। करीब 15 मिनट बाद वह उसे बाहर लाए। तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। तन पर एक भी कपड़ा नहीं बचा था। खाल भी जल गई थी। यह देख उन्होंने पास पड़ी दरी उठा कर उसके ऊपर डाली।
कुछ दिन पहले ही आकाश ने दिया 11वीं का एग्जाम
डॉक्टर का कहना है कि आकाश की हालत नाजुक है, वह 100 प्रतिशत जला हुआ है। उसे निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। आकाश के पिता सुनील ने बताया कि वह ऑटो चलाते हैं। कुछ दिन पहले ही आकाश के 11वीं के पेपर खत्म हुए थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.