पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनोएडा. यूपी के सबसे बड़े भूमाफिया और 2500 करोड़ से ज्यादा की गड़बड़ी करने के आरोपी मोतीलाल गोयल (64) की सोमवार शाम करीब पांच बजे नोएडा के हिंडन विहार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गाजियाबाद सीबीआई कोर्ट में सुनवाई के चलते वह तीन बजे हाजिरी लगाकर पहले घर आया और शाम को नोएडा के विवादित प्लॉट पर पहुंचा। यहां वह कमर्शियल बिल्डिंग का निर्माण करवा रहा था, उसी समय दो बदमाश उसके पास आए और बात करते हुए ताबड़तोड़ 10 राउंड फायरिंग कर दी। 34 गोली सिर व सीने पर लगने से मौके पर ही मौत हो गई। बदमाश बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
80 आईएएस-पीसीएस अफसरों को उपकृत करने के बाद चर्चा में आया था गोयल
- गोयल गाजियाबाद और नोएडा में अरबों रुपए के सरकारी जमीन घोटाले में उप्र के 80 आईएएस-पीसीएस अफसरों को उपकृत करने के बाद चर्चा में आया था। इस मामले में उसके खिलाफ सीबीआई ने भी केस दर्ज किया था।
- घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी व एसपी सिटी समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। गोयल के बेटे उत्कर्ष ने प्लॉट विवाद में विक्रम, विजय, बृजपाल और अनिल पर हत्या की एफआईआर कराई है। उसका कहना है कि प्लॉट को लेकर इनसे विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है।
2500 करोड़ से ज्यादा के भूमि घोटाले का आरोपी
- गोयल ने 20 साल में प्रशासनिक अधिकारियों व राजस्व विभाग के लेखापालों व अन्य अधिकारियों की मदद से बुलंदशहर, गाजियाबाद व नोएडा में कई अरब रुपए की सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया था।
- इसके अलावा, वह सरकारी कर्मचारियों से सांठगांठ कर पहले ही किसी बड़ी योजना का पता लगवाकर वहां की जमीन को सरकारी कागजों में गरीबों के नाम पर पट्टा करवा देता था और मुआवजा ले लेता था।
गोयल के खिलाफ दर्ज थे कुल 16 मामले
- गाजियाबाद के रहने वाले मोती गोयल के खिलाफ सीबीआई की अदालत में 3 मामले चल रहे हैं। पहला मामला नोएडा की जमीन कब्जाने संबंधित सीबीआई की विशेष न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी की अदालत में, दूसरा मामला अर्थला का है जो विशेष न्यायाधीश राजेश चौधरी की अदालत में और तीसरा मामला विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में विचाराधीन है।
- पिछले कुछ दिनों से प्रत्येक कार्य दिवस में मामले की सुनवाई हो रही थी। सोमवार को भी मामले की तारीख थी। इनके अलावा भी गोयल के खिलाफ नोएडा-गाजियाबाद में अलग-अलग जगह 13 मामले दर्ज थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.