भैंसें चोरी कर जा रहे कंजरों को रोका तो फायरिंग की, फिर भी ग्रामीणों ने पकड़ा
अलग-अलग गांव से किसानों की 6 भैंसे चोरी कर ले जा रहे दो कंजरों को ग्राम पालनगरा में ग्रामीणों ने रोका तो कंजरों ने कट्टे से फायरिंग कर दी। ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और पीछा करते हुए दोनों कंजरों को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मंगलवार दोपहर कंजरों को कोर्ट में पेश किया। पांच दिन का पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों ही कंजर राजस्थान क्षेत्र के हैं।
आलोट क्षेत्र में कंजरों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। कई बार वे अपनी दहशत कायम करने के लिए ग्रामीणों पर जानलेवा हमला कर चुके हैं। सोमवार को फिर ऐसा हुआ। राजस्थान के अरनिया कंजर डेरा निवासी आरोपी विनोद पिता नाथू कंजर (28) व शंभू पिता हड़मत कंजर (24) ने रविवार रात नागदा, बोरखेड़ी व घाटपिपल्या क्षेत्र से 6 भैंसें चोरी की और इन्हें हांकते हुए राजस्थान कंजर डेरे तरफ ले जा रहे थे। कंजरों ने दो भैंस पंकज पिता भेरूलाल जाट व एक भैंस प्रहलाद पिता जगन्नाथ दोनों निवासी नागदा, एक भैंस भेरूसिंह पिता बापूसिंह निवासी घाटपिपल्या व एक भैंस विक्रम पिता गिरवरसिंह आंजना निवासी बोरखेड़ी के यहां से चोरी की थी। सोमवार सुबह 6 बजे घाटपिपल्या निवासी भेरूसिंह ने अपने भाणेज प्रेमसिंह पिता उमरावसिंह राजपूत निवासी ग्राम पालनगरा को सूचना दी।