आनंदपुर साहिब | सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों व जरूरतमंदों तक पहुंचाने में समाजसेवी संगठनों की अहम भूमिका होती है। सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष कैंप लगाने की मुहिम चलाई गई है।
इसके तहत 21 मई को आनंदपुर साहिब के गांव दसग्राईं में विशेष कैंप लगाया जाएगा जिसका उद्घाटन 21 मई को सुबह 10 बजे पंजाब विधानसभा स्पीकर राणा केपी करेंगे। कैंप में क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें मौके पर ही हल की जाएंगी और अधिकारियों को लोगों की मुश्किलें हल करने के निर्देश दिए जाएंगे। सेंट्रल बैंक रोपड़ के चेयरमैन रमेश चंद्र दसग्राईं ने बताया कि यह कैंप पंजाब विधान सभा के स्पीकर राणा कंवरपाल सिंह के निर्देशों अनुसार लगाया जा रहा है ताकि लोगों को सरकारी सहूलियतों का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि गांव ढेर, भैंस, दसग्राईं, गंभीरपुर, सूरेवाल, खानपुर, बहलू, जिंदवड़ी आदि गांवों में सरकार की लोक भलाई स्कीमों का जरूरतमंद लोगों तक लाभ देने के लिए गत 2 दिन से प्रचार कराया जा रहा है।