वन्यजीव के हमले से बछड़ा घायल, पैंथर की आशंका
बराना गांव में शुक्रवार रात को एक वन्यजीव के हमले से बछड़ा घायल हो गया। लोगों ने पैंथर की आशंका जताई है, लेकिन इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
बताया गया कि शुक्रवार रात करीब एक बजे बराना निवासी मांगीलाल गुर्जर के बाड़े में बंधे बछड़े पर वन्यजीव ने हमला कर दिया। इस दौरान आस-पास बंधे मवेशियों के रंभाने पर गृहस्वामी जाग गया। गृहस्वामी के चिल्लाने पर परिजन भी उठ गए। शौर-शराबा सुनकर वन्यजीव बछड़े को छोड़कर भाग गया। बाद में बछड़े का प्राथमिक उपचार किया गया व वनविभाग व प्रशासन को सूचित किया। लोगों ने वन्यजीव के पैंथर होने की आशंका जताई है। लोगों ने बताया कि पहले भी गांव व क्षेत्र में पैंथर दिखाई दिया, लेकिन वनविभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई। मानाबा का खेड़ा निवासी श्रवण बालूराम बलाई की गाय का शिकार पैंथर ने किया था। ग्रामीणों ने वनविभाग से पैंथर को पकड़ने की मांग की है।
ग्रामवासियों में दहशत, कई बार पहले भी पैंथर कर चुका है शिकार