ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, गुस्साए लोगों ने ट्रक जलाया
जहाजपुर | देवली रोड पर धांधोला चौराहे के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। कुल तीन घायल भी हुए हैं। ट्रक ने एक अन्य बाइक को भी चपेट में ले लिया।
घायलों को देवली व जहाजपुर के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। मौके पर दो घंटे तक अफरा-तफरी रही। गेहूं भरा ट्रक जहाजपुर से देवली की तरफ जा रहा था। सूचना पर थानाप्रभारी पन्नालाल जांगिड़ मय जाब्ते के पहुंचे। आक्रोशित लोगों को खदेड़कर स्थिति नियंत्रण में की। मौके पर हनुमाननगर थाने से भी जाब्ता पहुंचा। ट्रक में आग बुझाने के लिए नगर पालिका की दमकल पहुंची। एएसआई मांगीलाल ने बताया कि सड़क से शव उठा रहे थे कि ट्रक के केबिन में आग लग गई। आग शरारती तत्वों ने लगाई या शॉर्ट सर्किट हुआ। यह जांच की जा रही है। शव मोर्चरी में रखवाया गया है।
िसर्फ वह ही नकारात्मक खबर, जो आपको जानना जरूरी है
हमीरगढ़ ग्रोथ सेंटर में वाहन की टक्कर से बाइक चालक की मौत
हमीरगढ़ | ग्रोथ सेंटर में शनिवार देर रात एक बाइक सवार को को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को मृतक का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के सुपुर्द किया। थाना प्रभारी गजराज चौधरी के अनुसार हमीरगढ़ निवासी कमलेश पिता किशनलाल भांबी शनिवार रात करीब 9 बजे फैक्ट्री से काम करके अपने घर जा रहा था। इस दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
वन्यजीव के हमले से बछड़ा घायल, लोगों के दहशत
आसींद | बराना गांव में शुक्रवार रात को एक वन्यजीव के हमले से बछड़ा घायल हो गया है। लोगों ने पैंथर की आशंका जताई है, लेकिन इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। बताया गया कि शुक्रवार रात करीब एक बजे बराना निवासी मांगीलाल गुर्जर के बाड़े में बंधे बछड़े पर वन्यजीव ने हमला कर दिया। इस दौरान आस-पास बंधे मवेशियों के रंभाने पर गृहस्वामी जाग गया। गृहस्वामी के चिल्लाने पर परिजन भी उठ गए। शौर-शराब सुनकर वन्यजीव बछड़े को छोड़ कर भाग गया। बाद में बछड़े का प्राथमिक उपचार किया गया व वनविभाग व प्रशासन को सूचित किया। लोगों ने पैंथर का हमला बताया व बताया कि पूर्व में गांव व आस-पास के क्षेत्र में पैंथर दिखाई दिया, लेकिन वनविभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। कुछ दिन पहले भी मानाबा का खेड़ा निवासी श्रवण बालूराम बलाई की गाय का शिकार पैंथर ने किया था। ग्रामीणों ने वनविभाग से पैंथर को पकड़ने की मांग की है।
ग्रामीणों ने जताई पैंथर की आशंका, पहले भी कर चुका है शिकार