रामगढ़। रामगढ़-आसपुर रोड पर निर्माणाधीन पुल के पास एक बाइक सवार 10 फीट की खाई में गिर गया जिससे वह घायल हो गया है। यहां निर्माणाधीन पुलिए के लिए सड़क खोद दी गई, लेकिन कोई संकेतक नहीं लगा होने से यह हादसा हुआ है। इसमें ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी के अफसरों की ओर से लापरवाही बरती गई। धताणा तालाब के पास रात करीब 9 बजे हादसा हुआ। बाइक सवार मोगजी पुत्र कानजी पाटीदार निवासी खेमपुर गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे एंबुलेंस से रामगढ़ अस्पताल लेकर गए। हालत गंभीर होने पर उसे डूंगरपुर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के दौरान आसपास के ग्रामीण एकत्रित होकर घायल को पुल से बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से ठेकेदार की ओर से पुल बनाने के लिए गड्ढा खोद दिया है, लेकिन सड़क पर बायपास की जगह कोई संकेतक बोर्ड नहीं लगाया गया है। रात के अंधेरे में पता ही नहीं चलता है कि यहां पर कोई निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण अंधेरे में बाइक सवार सीधा पुल में जा गिरा और घायल हो गया। ग्रामीणों में काफी आक्रोश था और जल्द ही पुल निर्माण कराकर मार्ग को चालू कराने की मांग की है। मौके पर हिम्मतसिंह, सूर्यवीरसिंह, राजेंद्रसिंह, भुपेंद्र पंवार, कन्हैयालाल पंचाल, महेश जैन, राजेश जैन, दर्शन जैन, राजेंद्रसिंह इंदौड़ा मौजूद थे।
रामगढ़. हादसे में घायल युवक।