दनोरा नलजल योजना से आ रहा गंदा पानी विधायक ने व्यवस्था सुधारने दिए निर्देश
आठनेर| विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को जनपद और नगर परिषद कार्यालय में बैठक ली। विधायक ने पेयजल और बिजली समस्या के समधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। गांव में साफ पानी नहीं मिलने की शिकायत पर जल प्रदाय व्यवस्था दुरुस्त करनेके निर्देश दिए। दनोरा समूह नलजल योजना से 20 गांवों में ताप्ती के पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसमें कुछ गांव में खराब पानी आ रहा है। समस्या के समाधान पर अधिकारियों से चर्चा की। बैठक में रेत के अवैध ओवरलोड ट्रकों को रोकने की मांग भी की गई। जिस पर विधायक ने टीआई सिद्धार्थ प्रियदर्शन से ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई करने की बात कही। बाकुड जलाशय से आठनेर में आने वाले पानी में बिजली की कमी से आपूर्ति में दिक्कतें आ रही है। विधायक ने बिजली विभाग को व्यवस्था में सुधार करने कहा। विधायक ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारी से मिलकर रोड की चौड़ाई बढाने पर विचार किया जा रहा है। बैठक में सीएमओ राहुल शर्मा, नायब तहसीलदार अशोक राठौर, नगर परिषद अध्यक्ष सूरज राठौर जिला मंत्री भाजपा राजेश अवस्थी, मंडल अध्यक्ष बद्रीनाथ पंडाग्रे और अधिकारी उपस्थित थे।