अवैध शराब बेचने के आरोप में महिला सहित दो नामजद
थाना खुईयांसरवर पुलिस ने अवैध शराब का कारोबार करने वाली एक महिला सहित दो जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन मजे की बात यह है कि उनसे अभी तक कुछ भी बरामद नहीं हुआ। शराब का धंधा तो इलाके में कई लोग करते आ रहे हैं, लेकिन संदेह के आधार पर इस तरह का यह मामला दर्ज होना चर्चा का विषय भी बन चुका है। पुलिस के अनुसार उनको गुप्त जानकारी मिली कि चूहड़ीवाला धन्ना निवासी गुड्डी देवी व गगन अवैध रूप से शराब बेचने का कार्य करते हैं। जब उन्होंने इन दोनों से पूछताछ करने का प्रयास किया तो संपर्क नहीं हो पाया लेकिन पुलिस के पास सूत्रों के हवाले से कुछ ऐसी पुख्ता जानकारी मिली जिसके आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज
अबोहर| पंजकोसी में भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यकर्ता पर अज्ञात हमलावरों द्वारा हमला कर 50 हजार नकदी लूटने के आरोप में थाना खुईया सरवर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार अपने बयानों में विनोद कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात जब वह अपनी वर्कशाप से रात करीब 11 बजे बाइक पर घर जा रहा था तो रास्ते में एक बाइक पर आए तीन अज्ञात युवकों ने उसके सिर में डंडे से हमला कर उसे घायल कर दिया और बाद में बुरी तरह से मारपीट करते हुए 50 हजार की नगदी व मोबाइल छीनकर ले गए।