पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • खड़ी मालगाड़ी के इंजन से डीजल चुराने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड व दो आरोपी गिरफ्तार

खड़ी मालगाड़ी के इंजन से डीजल चुराने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड व दो आरोपी गिरफ्तार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बनास रेलवे स्टेशन के पास शटिंग साईड पर खड़ी मालगाड़ी के इंजन से दो सौ लीटर डीजल चोरी करने वाले गिरोह का रेलवे पुलिस ने शनिवार रात पर्दाफाश कर मास्टर माइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही सोमवार को इन्हे रेलवे न्यायालय जोधुपर में पेश किया, जहां से मास्टरमाइंड को पुलिस रिमांड पर सौंपा तथा अन्य दो आरोपियों को जेल भेजा दिया। वहीं पुलिस मामले में लिप्त तीन आरोपियों की तलाश भी कर रही है।

जानकारी के अनुसार गत 29 मार्च की रात 11.30 बजे एक मालगाड़ी जेके लक्ष्मी सिमेंट से लोड होकर रवाना हुई थी। करीब दस मिनट का सफर तय करने के बाद बनास रेलवे स्टेशन के समीप शंटिंग साईड पर सिगनल नहीं मिलने के बाद गाड़ी को वहीं रोक दिया गया था। उस दौरान आसपास के क्षेत्र में छिपे चार लोगों ने गाड़ी के पायलट व सहायक पायलट को धमकाया। इसके बाद आरोपी अपने साथ चालीस-चालीस लीटर के चार एवं बीस-बीस लीटर के दो केन लाए और डीजल चुराया। उधर, गाड़ी के पायलट ने स्टेशन मास्टर को घटना की जानकारी देकर तत्काल सिगनल देने का आग्रह किया। इस प्रक्रिया में करीब दस मिनट का समय लगा। 11.40 बजे सिगनल मिलते ही गाड़ी को वहां से रवाना कर दिया गया। तब तक आरोपी भी चोरी किए गए डीजल से भरे केन को लेकर वहां से फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल आबूरोड के कर्मी मौके पर पहुंचे एवं क्षेत्र में तलाशी भी ली, लेकिन घना जंगल होने से उन्हें वहां कुछ नहीं मिला था।

रेलवे सुरक्षा बल ने गिरोह के बचे हुए तीन और सदस्यों की शुरू की तलाश

आबूरोड. रेलवे पुलिस की गिरफ्त में रेल इंजन से डीजल चोरी के आरोपी।

आरोपियों ने 62 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से बेचा था चोरी का डीजल

दीता को गिरफ्तार कर जब पूछताछ की गई तो उसने पूरे घटना को अंजाम देना एवं 160 लीटर डीजल वासा गांव में बस स्टैंड के पास स्थित महादेव किराणा स्टोर को बेचना एवं शेष 40 लीटर डीजल स्वयं के पास रखना स्वीकार किया। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बलकर्मी वासा गांव पहुंचे। जहां, इस दुकान से एक, दो पांच लीटर के खाली केन, डीजल मापने के लिए मापक, कूपी व चोरी के काम में उपयोग की गई फोर्ड फिगो कार को जब्त कर लिया।

पहले भी हो चुकी है डीजल चोरी की घटना

रेलवे सुरक्षा बल की ओर से आबूरोड रेलवे स्टेशन पर डीजलशेड के पास इंजन से डीजल चोरी कर बेचने की घटना का पर्दाफाश हुआ था। इस घटना का मास्टरमाइंड एमपी का था तथा वह स्थानीय लोगों के सहयोग से डीजल चोरी कर बेचने का काम करता था। इसके लिए उसने एक विशेष प्रकार का औजार भी बना रखा था। हालांकि, बाद में एक-एक कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके साथ ही सरूपगंज रेलवे लाइन मार्ग पर भारजा, भीमाना एवं बनास स्टेशनों के आसपास पूर्व में भी गाड़ियों के इंजनों से डीजल चोरी की कई घटनाएं हो चुकी है।

चोरी का डीजल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार दोनों आरोपी सगे भाई

रेलवे सुरक्षा बल थानाधिकारी के अनुसार दुकान संचालक आरोपी गिरीश एवं कमलेश पुत्र फकीरचंद अग्रवाल इंजन से चोरी का डीजल 62 रुपए प्रति लीटर खरीदकर ब्लेक में मुंहमांगे दामों पर बेचते थे। चुराए गए डीजल की कीमत बारह हजार छह सौ रुपए है। 160 लीटर डीजल की कीमत उसे अदा कर दी गई थी। रेलवे सुरक्षा बल ने चोरी की इस घटना को अंजाम देने के लिए उपयोग में ली गई फोर्ड फिगो कार को भी जब्त कर लिया है।

पूछताछ में होंगे और भी खुलासे

डीजल चोरी करने एवं चुराए गए डीजल को खरीदने के आरोप में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को रेलवे न्यायालय जोधपुर में प्रस्तुत किया गया। इस मामले में जांच के लिए मुख्य आरोपी को पुलिस रिमांड पर सौंपने का आग्रह किया गया था। इसे न्यायालय ने स्वीकृत करते हुए तीन दिन के लिए सौंप दिया है। इस दौरान उससे पूछताछ कर और जानकारी जुटाने का प्रयास करेंगे। आरोपियों के कब्जे से चुराया गया 40 लीटर डीजल एवं इस घटना को अंजाम देने के लिए उपयोग में ली गई कार समेत अन्य प्रकार का सामान भी जब्त कर लिया गया है। - प्रदीप कुमार, थानाधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल थाना, आबूरोड

लोकल पुलिस के सहयोग से की गई कार्रवाई

घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल की ओर से छानबीन शुरु की गई। इस दौरान कई ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई। लोकल पुलिस का सहयोग लेकर तथ्य जुटाए गए। मुखबिर की इत्तला मिलने पर थानाधिकारी प्रदीप कुमार एएसआई राकेश कुमार, कांस्टेबल कृपालसिंह, कांस्टेबल अंकुर तोमर एवं कांस्टेबल सुरेश कुमार की टीम चोरी के मास्टरमाइंड सिलवाफली, वालोरिया पीएस रोहिड़ा निवासी दीता पुत्र राजा के घर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी वहां से भागा। इस दौरान बल कर्मियों को उसके घर से 40 लीटर डीजल से भरा हुआ केन एवं इंजन के टेंक का ढक्कन मिला। इन्हे जब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर वहां पर निगरानी बढ़ा दी गई। जैसे ही आरोपी के गांव में आने की सूचना मिली। रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

खबरें और भी हैं...