इस वित्तीय वर्ष में खनिज विकास योजना के 380 प्रस्तावों पर बनी सहमति
सिरोही. डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट की बैठक लेती जिला प्रमुख।
जिलाप्रमुख की अध्यक्षता में हुई सिरोही डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट के गवर्निंग काउंसिल की बैठक
भास्कर न्यूज | सिरोही
जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया की अध्यक्षता में सिरोही डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट के गवर्निंग काउंसिल की बैठक मंगलवार को हुई। बैठक में जिला प्रमुख ने डीएमएफटी के तहत सिरोही जिले में वर्ष 2016-17 के एक्शन प्लान पर चर्चा की तथा शेष रहे कार्यों को एक निश्चित अवधि में शीघ्र पूर्ण करने के संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद वर्ष 2018-19 के एक्शन प्लान के लिए संबंधित सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों से प्राप्त लगभग 380 प्रस्तावों पर चर्चा की तथा विभागवार कार्यों का काउंसलिंग में सर्व सम्मति से चयन कर एक्शन प्लान में शामिल करने का निर्णय लिया। जिला प्रमुख ने सभी कार्यों के पूर्ण निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता पूर्वक करने के निर्देश दिए एवं कलेक्टर संदेश नायक ने संबंधित सभी विभागों को एक्शन प्लान अनुसार अग्रिम कार्रवाई नियत समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में आबू-पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया व भाजपा जिलाध्यक्ष लुंबाराम चौधरी ने अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए निस्तारण के बारे में सुझाव दिए तथा विकास कार्यों व मांगनुरूप प्रस्ताव लेने की बात कहीं। बैठक में खनिज विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, महिला व आगनबाड़ी विभाग, वन विभाग, चिकित्सा विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। इसके अतिरिक्त काउंसिल में नामित सदस्य जिनमें जन प्रतिनिधि, तकनीकी व्यक्ति, खनन पट्टा एसोसिएशन के सदस्य भी मौजूद थे।