भूताफली, चनार में बिजली का पोल गिरा, महिला की मौत
ग्रामीणों ने डिस्कॉम के खिलाफ किया प्रदर्शन
भास्कर न्यूज | आबूरोड
समीपवर्ती चनार गांव के भूताफली में बुधवार को तेज हवाएं चलने के दौरान अचानक एक पोल खेत में काम कर रही महिला पर गिर गया। सिर पर गहरी चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर डिस्कॉम ग्रामीण के जेईएन जय बैरवा मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार भूताफली, चनार निवासी सोनकी (38) प|ी बाबू गरासिया बुधवार दोपहर को अपने खेत में काम कर रही थी। उस दौरान चली तेज हवाओं के दौरान एक बिजली का पोल उस पर गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद विभाग के अधिकारियों के मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने उन्हें खूब खरी खोटी सुनाई। इस दौरान ग्रामीणों का आरोप था कि गांव में बिजली के जो भी नए पोल लगाए गए हैं उनमें निर्धारित मापदंडों की पालना नहीं की गई है। कई स्थानों पर दो केवल दो फीट गहरा गड्ढे खोदकर पोल खड़े कर दिए गए हैं। हवाएं चलने के दौरान ये पोल हिलते रहते हैं। इससे हमेशा हादसों का अंदेशा बना रहता है।
इस संबंध में जब पोल लगाए जा रहे थे तो भी संबंधित ठेकेदार फर्म का इस ओर ध्यान आकर्षित किया गया था लेकिन, उसके द्वारा इसे नजरअंदाज करने से आज यह दुर्घटना हुई है।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सूचना पर गिरवर चौकी प्रभारी कैलाशचन्द्र शर्मा अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे व शव को कब्जे लेकर ग्रामीणों की समझाइश की। इस दौरान पूर्व सरपंच गोमाराम गरासिया सहित ग्रामीण मौजूद रहे।