समीपवर्ती सातपुर ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत कार्यालय मार्ग पर बनी पेयजल आपूर्ति टंकी के पास बीते लंबे समय से नालियों का गंदा पानी मुख्य मार्ग पर जमा हो रहा है। यहां पर एक स्थान पर पानी की पाइप लाइन भी इस गंदे पानी में से होकर गुजर रही है। इससे पानी के प्रदूषित होने का अंदेशा बना हुआ है। जानकारी के अनुसार गांव की आबादी की ओर से आ टंकी की बाउंड्रीवाल के पास एक छोटी नाली तथा सामने की ओर से बड़ा नाला गुजर रहा है जो बनास नदी में जाकर मिल रहे हैं। इनको बने हुए सालों बीतने से कई स्थानों से जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हैं। इसके साथ ही नाले व नालियों की नियमित सफाई के कोई प्रबंध नहीं होने से ये गंदगी से भरे हुए हैं। इससे जहां भी नाले व नालियां टूटे हुए है सारा गंदा पानी मुख्य मार्ग पर भर रहा है। पेयजल आपूर्ति टंकी के मुख्य प्रवेश द्वार से बाउंड्रीवाल तक यही स्थिति है। ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में कई बार ग्राम पंचायत प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर सफाई के समुचित प्रबंध कराने का आग्रह किया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से हालत दिनोंदिन बदतर हो रही है।