पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • खिड़की तोड़ घर में घुसे चोर, 30 हजार रुपए, जेवरात व तीन मोबाइल चोरी

खिड़की तोड़ घर में घुसे चोर, 30 हजार रुपए, जेवरात व तीन मोबाइल चोरी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर के शांतिकुंज पार्क के पास स्थित एक मकान में रविवार देर रात चोर मकान की सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के एंगलनुमा सुरक्षा दीवार को तोड़कर अंदर घुसे। बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए मकान के पीछे की ओर बने एक कमरे की खिड़की से अंदर प्रवेश किया। चोर कमरे में आलमारी में रखे तीस हजार रुपए, दो तोला सोने की चैन, दो चांदी के गिलास, दो चम्मच एवं विभिन्न कंपनियों के तीन एंड्रायड मोबाइल चुरा ले गए। सूचना मिलने पर सोमवार सवेरे शहर पुलिस थाना के एएसआई मकनाराम अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटना के बारे में जानकारी ली और मौका मुआयना किया। जानकारी के अनुसार शांतिकुंज पार्क के पास स्थित गंगालहरी शर्मा के परिजन रविवार रात को रोजाना की तरह अपने कमरों में सो रहे थे। देर रात शांतिकुंज पार्क की ओर से चोर लोहे की रेलिंग एवं कमरे की खिड़की तोड़कर मकान में घुसे तथा वहां रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवरात व मोबाइल चुरा ले गए।

एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई पुलिस : शहर में लगातार हो रही चोरियों के बाद भी पुलिस एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर सकी है। चोरियों की घटनाओं पर गौर करें तो एक बार में एक ही क्षेत्र को निशाने पर रखा गया है। वहां कई चोरियां करने के बाद कुछ समय शांति होती है इसके बाद फिर दूसरे क्षेत्रों में उसी अंदाज में चोरियां हो जाती है।

अब तक कई वारदातें, एक का भी नहीं हुआ खुलासा

आबूरोड. चोरी की वारदात के बाद मौके पर जांच करते पुलिस अधिकारी।

घर में सो रहे लोगों को बाहर से दरवाजा बंद कर किया कैद

सोमवार सवेरे गंगालहरी शर्मा उठे तो उनके कमरे का दरवाजा बंद था। इस पर उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों से बात की तो पता चला कि सबके कमरे बाहर से बंद है। परिजनों ने पड़ोसियों को बुलवाकर घर के दरवाजे खुलवाए। जब बाहर आकर देखा तो पीछे की ओर बने कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था एवं वहां रखे जेवरात व नकदी गायब थी। कमरे की खिड़की व पार्क की ओर लोहे के एंगल को टूटा देखकर उन्हें घर में चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद रिश्तेदारों व शहर पुलिस थाना को सूचना दी गई। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी जुटाने के प्रयास किए।

इधर, मकान में खड़ी बोलेरो चोरी

आबूरोड. शहर के अर्बुदा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक मकान परिसर में रखी बोलेरो जीप चोर चुरा ले गए। शहर पुलिस के अनुसार अर्बुदा औद्योगिक क्षेत्र निवासी सुमेरसिंह पुत्र सुल्तानसिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि बीती रात को उसके मकान परिसर में बोलेरो जीप खड़ी थी। कोई चोर बाहर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे तथा बोलेरो चुरा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

गहनता से की जा रही है जांच

पुलिस की ओर से मौका मुआयना कर लिया गया है। जांच कर रहे हैं। इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक क्षेत्र की रैकी की जाती है। आमजन की जागरूकता बेहद आवश्यक है। किसी व्यक्ति के संदेहजनक स्थिति में बार-बार घूमते पाए जाने पर पुलिस को तत्काल सूचना देनी चाहिए। बाहर जाने की स्थिति में घरों को सूना नहीं। - मीठूलाल, थानाधिकारी, आबूरोड शहर

चोरी का तरीका वहीं, हर बार जगह नई

शहर में यह इस प्रकार की पहली चोरी नहीं है। बीते सवा साल में शहर के पारसीचाल, मानपुर क्षेत्र में ऋषिकेश रोड, न्यू मानपुर कॉलोनी, अग्रवाल कॉलोनी, रीको आवासीय कॉलोनी एवं रेलवे कॉलोनी आदि क्षेत्रों में एक के बाद एक दो दर्जन से अधिक स्थानों पर चोरियों की वारदातें हो चुकी है। सभी घटनाओं में चोरों ने अक्सर मकान के पीछे की ओर से अंदर प्रवेश किया तथा लोगों को कमरों में बंद कर वारदातों को अंजाम दिया है।

रेलवे कॉलोनी में दिन में भी हुई घटनाएं

शहर में हुई सभी चोरियां रात में हुई ऐसा नहीं है। रेलवे कॉलोनी में अधिकांश चोरियां दिन में हुई है। रेल कर्मचारी जब ड्यूटी पर होते है उस दौरान सूना मकान होने का फायदा उठाकर कई घटनाओं में हजारों रुपए की नकदी व सामान चोरी चला गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक के आबूरोड आगमन के दौरान नार्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉयज यूनियन ने कॉलोनियों में सुरक्षा प्रबंध कराने की मांग की जा चुकी है।

खबरें और भी हैं...