आबूरोड | पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन के तत्वावधान में कर्मचारियों ने शुक्रवार दोपहर तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम तहसील कार्यालय के रीडर राजेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। इसमें विभिन्न मांगों को लेकर मनरेगा संविदा कर्मियों की ओर से किए जा रहे आंदोलन को समर्थन देने की जानकारी दी। इस दौरान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष नगेंद्रसिंह की अगुवाई में पहुंचे कर्मचारियों ने सरकार से संविदाकर्मियों की मांगों पर विचार करते हुए उन्हें पूरा कराने की मांग की। इससे पहले सरकार के रवैये के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत से लेकर विभाग स्तर पर शासन की रीढ़ के रुप में कार्यरत मंत्रालयिक कर्मचारी एवं सालों से संविदा का दंश झेल रहे मनरेगा कर्मियों के द्वारा पंचायतीराज की समस्त योजनाओं एवं जनहित की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। लेकिन, इसके बाद भी बीते कई सालों से ये अल्प वेतन भोगी बहुत कम मानदेय पर काम कर रहे है तथा नियमितिकरण का इंतजार कर रहे है। इस मौके सहायक प्रशासनिक अधिकारी एवं मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रतिनिधि रणजीत जीनगर, उपाध्यक्ष रमेश माली, महामंत्री कल्पना, कोषाध्यक्ष हितेश, संविदा मनरेगाकर्मी रोजगार सहायक इरशाद, रमेश मीणा, लीलावत सिंह, चुन्नीलाल, जसोदा, आशा व पूनम वासू मौजूद थे।