रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने की पानी की मांग
आदिवासी अंचल के दोयतरा गांव में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें कलेक्टर संदेश नायक भी मौजूद थे। इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं बताई। जिसमें सबसे प्रमुख समस्या गांव में हैडपंप खराब होने की थी। ग्रामीणों ने बताया कि आसपास की फलियों में लगे हैडपंप खराब हैं। बार बार अवगत करवाने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं होती। जिस पर कलेक्टर ने सहायक अभियंता को हैंडपंप मरम्मत के लिए निर्देश दिए। ग्रामीणों ने सरवीयाफली में नई आंगनबाड़ी खोलने के लिए अवगत कराया। इस पर विभागीय अधिकारी को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। ग्रामीणों ने नरेगा के पेमेंट के संबंध में अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने ग्राम सेवक से जानकारी ली तथा ग्रामीणों को कहा कि पेमेन्ट राज्य स्तर से रिलिज होता है, जो जल्द ही राज्य स्तर से रिलिज हो जाएगा। विधवा महिला द्वारा पेंशन के लिए आग्रह किया गया। जिस पर उन्होंने मौके पर ही पेंशन का आवेदन फार्म भरवाया तथा पटवारी व ग्राम सेवक से रिपोर्ट करवाकर तहसीलदार को कार्रवाई के लिए दिया। इस मौके उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार ओला, जिला रसद अधिकारी महावीर व्यास, तहसीलदार मनसुखराम डामोर, अति. जिला शिक्षा अधिकारी भवंर सिंह, एडीईईओ टीएडी दलपतराज पुरोहित, विकास अधिकारी लक्ष्मण सिंह सांदू, सरपंच मोदनीबाई समेत वार्डपंच एवं ग्रामीण मौजूद थे।
दोयतरा गांव में रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने बताई परेशानी
एनजीओ की ओर से चल रहे कार्यों को देखा
पिंडवाड़ा एवं आबूरोड विकास खंड़ों में सेंटर फॉर माइक्रोफाइनेंस टाटा ट्रस्ट की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यों का कलेक्टर संदेश नायक ने अवलोकन किया। उन्होंने संस्था की ओर से डिंगार गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से उन्नत तकनीकी के माध्यम से सब्जी उत्पादन कार्य और पेयजल स्वच्छता एवं शिक्षा तथा पुस्तकालय कक्ष का अवलोकन किया। इसके बाद कुंडाल गांव में कस्टम हायरिंग सेंटर का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने मोरस, हनुमान टेकरी, चंद्रावती गांव में भी कार्यों का अवलोकन किया। इस मौके उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार ओला, पिंडवाड़ा उपखंड अधिकारी पर्वत सिंह चुंडावत, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजीविका नरपत सिंह जेतावत, तहसीलदार मनसुख डामोर, संस्था के जनरल मैनेजर विजय सिंह एवं सदस्य मौजूद थे।