मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने गेहूं से भरे राजस्थान के 6 ट्रक पकड़े
भास्कर न्यूज| मंडी आदमपुर सिटी
आदमपुर में अब गेहूं खरीद में घोटाले का अंदेशे का असर देखने को मिला है। आदमपुर में गेहूं घोटाले की आशंका जताने के बाद मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने राजस्थान से आया बड़ी मात्रा में गेहूं पकड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को मार्केट कमेटी के सचिव जितेंद्र कुमार को सूचना मिली की आदमपुर में बड़े पैमाने पर राजस्थान का गेहूं मंडी में आया है सचिव ने मंडी सुपरवाइजर संदीप लोहान के नेतृत्व में टीम का गठन कर राजस्थान से आई गेहूं का पता लगाने के आदेश दिए। इस दौरान दड़ौली रोड स्थित एक कॉटन इंडस्ट्रीज में गेहूं से लदे 6 ट्रकों का पकड़ने में सफलता प्राप्त की। अधिकारियों ने जब गेहूं के बारे में ट्रक चालकों से बातचीत की तो पता चला कि ये गेहूं राजस्थान के सरदाशहर से आया है। जांच में पता चला कि यह गेहूं आदमपुर के एक आढ़ती ने मंगवाया थी। मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने सभी ट्रकों को अपने कब्जे में लेकर किसान रेस्ट हाउस में पुलिस की निगरानी में
खड़ी कर दी। मार्केट कमेटी के सचिव जितेंद्र कुमार ने बताया कि यह गेहूं अनाज मंडी की फर्म साथी ट्रेडिंग कम्पनी ने मंगवाई थी। राजस्थान में व्यापारी का रिश्तेदार व्यापार करता है और उसे के मार्फत ये ट्रक आदमपुर आए हैं। सचिव ने बताया कि सभी ट्रकों का तोल करवाने पर ट्रकों में लदी गेहूं का वजन 1149 क्विंटल पाया गया है जिस पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने व्यापारी से 39893 रूपए मार्कीट फीस व 39893 रूपए एचआरडीएफ के भरवा गए हैं। इसके अलावा मार्केट फीस पर 10 हजार रुपए जुर्माना एचआरडीएफ पर 11968 रूपए जुर्माने के रूप में भरवाए गए हैं। कुल मिलाकर व्यापारी से एक लाख 1हजार 754 रूपए भरवाए गए हैं।