भास्कर न्यूज | मंडी आदमपुर सिटी
आदमपुर पुलिस ने गांव दड़ौली निवासी महिला के बयान पर पति, बहन बेटी व अन्य के साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ने, घर में तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य आरोपों में देवर-देवरानी सहित 8 लोगों को नामजद किया है। पुलिस को दिए बयान में दड़ौली निवासी सीमा ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह और उसका पति जयदेव, उसकी लड़कियां कोमल व पुष्पा घर पर मौजूद थे। घर पर चिनाई का काम चल रहा था। उस समय ट्रैक्टर-ट्राली में राजस्थान के गांव शेरड़ा निवासी विमल, कपिल, रामपुरणी, दड़ौली निवासी दारा, उसकी प|ी सुमन, जुगलाल, संदीप, बाला, जोगीवाला भादरा निवासी कौशल्या आए। उसके मकान के पीछे ही उसके देवर दारा की जमीन थी उन्होंने सोचा वे अपने खेत मे आए होंगे। वहां पर आते ही उन्होंने उनका नल तोड़ दिया। जब उन्होंने कहा कि नल क्यों तोड़ा तो उन्होंने कुल्हाड़ी व डंडों से उन पर हमला कर दिया। उन्होंने उसकी बेटी कोमल व पति जयदेव को भी पीटा। जब पास ही ढाणी में रहने वाली उसकी बहन विद्या व उसका बेटा धर्मवीर उन्हें छुड़ाने आये तो उन्होंने उन्हें भी पीटा। उसका देवर दारा सिंह व देवरानी सुमन उसे खींच कर ढाणी के पीछे ले गए। वहां उसकी देवरानी ने उसके कपड़े फाड़ दिए और देवर ने गलत काम करने का प्रयास किया। उन्होंने उसके गुप्तांग पर लाठियों से वार किया। आस पड़ोस के लोगों को आता देख जान से मारने की धमकी देते हुए उसका देवर और देवरानी उसके कानों के बाले और ताबीज छीनकर ले गए। घायल अवस्था में उन्हें आदमपुर के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां उसके पति जयदेव, लड़की कोमल, बहन विद्या और धर्मवीर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई और उसको अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सीमा की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया।