कुलेरी गांव में बिजली और नहर बंद होने की समस्या को लेकर जिला पार्षद सत्यवान नैन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बस अड्डे पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे अग्रोहा में बिजली कार्यालय गेट पर निगम व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
नैन ने कहा कि सत्ता में आने से आने पहले भाजपा ने ग्रामीणों क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली देने का दावा किया था। लेकिन सत्ता में आने के बाद प्रदेश सरकार सभी वादों को भूल गई है। अब न तो ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली-पानी व नहरों में पानी की समस्या लगातार मुंह बाए खड़ी है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार गर्मी उफान पर है और दिन में मुश्किल से एक घंटा बिजली मिलती है और रात को भी आंख मिचौनी का खेल खेलती रहती है। जिससे रात को उनकी नींद हराम हो जाती है। बिजली की समस्या के चलते पानी की समस्या भी पैदा हो गई है। बिजली की समस्या के कारण उनके घरेलू कार्य भी बाधित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि उनकी समस्या का समाधान किया जाए। वरना उन्हें मजबूरन निगम के खंड कार्यालय पर प्रदर्शन करना पड़ेगा। जिसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।
कुलेरी में बिजली पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण।
सवा महीने से बंद है नहरी पानी
ग्रामीणों ने बताया कि सवा महीने से माइनर में पानी बंद है। जिससे नरमा-कपास की बिजाई तो प्रभावित हो रही है। साथ ही गर्मी के मौसम में पशुपालकों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।