विवादित दक्षिण चीन सागर में पहली बार चीन ने बमवर्षक विमान तैनात कर दिए हैं। ये विमान परमाणु हथियारों से हमला करने में सक्षम है। चीन की पीपुल्स लिबरेशन एयर फोर्स ने बताया कि उनके एच -6 के बमवर्षक समेत फाइटर जेट्स ने हाल ही में दक्षिण चीन सागर में उड़ान भरने और उतरने का प्रशिक्षण लिया है। इस प्रशिक्षण ने वायु सेना के पूरे क्षेत्र में पहुंचने, पूरी क्षमता और सटीक वक्त में मार करने की क्षमता को बढ़ा दिया है। उधर, अमेरिका ने इस कदम पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पेंटागन के एक प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल क्रिस्टोफर लोगन ने इस अभ्यास को चीन की ओर से इस विवादित क्षेत्र का सैन्यकरण करने की कोशिश बताया है। वॉशिंगटन के एशिया समुद्री पारदर्शिता पहल के मुताबिक- चीन के बम वर्षकों एच -6 की मारक क्षमता 3,520 किलोमीटर बताई जा रही है। इससे पूरा साउथ ईस्ट एशिया का इलाका उसकी जद में आ गया है।