बैसाखी मेले में पंजाबी ढोल के साथ भांगड़ा की धूम
अजमेर| सेठ भाग चंद जी कोठी पर रविवार शाम बैसाखी मेले का आयोजन हुआ। कलाकारों ने पंजाबी ढोल, भंगड़ा, गिद्दा व पंजाबी गानों की मनमोहक प्रस्तुति दी। समाज के बच्चों महिलाओं पुरुषों ने मिल कर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होकर डांस किया। अजमेर सिख यूथ एसोसिएशन, सिख समूह एवं राजस्थान पंजाबी महासभा के सौजन्य से आयोजित बैसाखी पर्व पर शाम को खुशनुमा मौसम में रंगीन रोशनी के बीच बड़ी संख्या में सिख समाज के लोगों ने मेले में शामिल होकर लुत्फ उठाया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि डीआरएम पुनीत चावला उनकी प|ी, आईजी मालिनी अग्रवाल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश भीलवाड़ा किशन गूजर, आयुक्त नगर निगम हिमांशु गुप्ता व महापौर धर्मेंद्र गहलोत उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज की ओर से सभी अतिथियों का अभिनंदन भी किया गया। सिख यूथ फैडरेशन एवं राजस्थान पंजाबी महासभा अध्यक्ष राजेश टंडन ने बताया कि दिल्ली से आए दलजीत सिंह भांगड़ा पार्टी ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। सभी ने रात्रि भोज और मेले में लगी विभिन्न स्टॉलों का लुत्फ उठाया। मेले में करीब 1500 से अधिक सिख समाज के सदस्य शामिल हुए।