यह महफिल ए रसूल है, आंखों से चल के आ...
अजमेर|अल मोइन यंग कमेटी का 8वां सालाना जलसा जश्ने ईद मिलादुन्नबी व जश्ने गरीब नवाज के रूप में रविवार को नागफणी में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की सदारत अंजुमन सैयद जादगान के पूर्व सदर सैयद गुलाम किबरिया चिश्ती ने की।
यह आयोजन नागफणी में मस्जिद नूरे इलाही के पास आयोजित हुआ। देर रात तक चले इस आयोजन की शुरूआत इशा की नमाज के बाद कुरान शरीफ की तिलावत से हुई। नात व मनकबत के नजराने पेश किए गए। नात ख्वां मोहम्मद रमजान नात शरीफ ने यह महफिल ए रसूल है, आंखों से चल के आ...आदि नातों का नजराना पेश कर आशिकान ए रसूल को झूमने पर विवश कर दिया। शहर काजी मौलाना तौंसीफ अहमद सिद्दीकी, मुफ्ती बशीरउल कादरी, कारी जाकिर, चिश्ती फाउंडेशन के चेयरमेन हाजी सैयद सलमान चिश्ती आदि ने सीरत ए मुस्तफा व सीरते गरीब नवाज पर खिताब फरमाया। कमेटी के अध्यक्ष शमशुद दुहा ने अतिथियों का इस्तकबाल किया और कमेटी की गतिविधियों की जानकारी दी। इस मौके पर मोहम्मद इकबाल, मोहम्मद इशहाक, जमील खान, अकबर घोसी, फिरोज खान, निहाल हुसैन, मकबूल खान, इकबाल मोहम्मद समेत विभिन्न गणमान्य लोग मौजूद थे। सलातो सलाम के बाद देश में अमन और आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए दुआ की गई।