‘सबसे विकसित विस क्षेत्रों में शामिल होगा अजमेर उत्तर’
अजमेर| शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र आने वाले कुछ महीनों में जिले के सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्रों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि आगामी कुछ माह में करीब 2 हजार करोड़ रुपए की स्मार्ट सिटी योजना के काम भी शहर में दिखने शुरू हो जाएंगे। देवनानी ने रविवार को जनसंवाद कार्यक्रम में तहत वार्ड संख्या 49 में 49 के सर्वेश्वर नगर ब्लाक ए व बी, लोहाखान, भोपों का बाड़ा क्षेत्रवासियों से उनकी समस्याएं जानी तथा समाधान के निर्देश दिए।
नई स्टील पाइप लाइन के लिए 1.43 करोड़ स्वीकृत: अजमेर उत्तर विधान सभा क्षेत्र में पेयजल के लिए नई स्टील पाइप लाइन जोड़ने-बिछाने के लिए राज्य सरकार द्वारा 1 करोड़ 43 लाख की स्वीकृति जारी की गई है। देवनानी ने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता सत्येन्द्र सिंह व अधिशासी अभियन्ता संपत जीनगर को क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था में तत्काल सुधार के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश भी दिए। देवनानी ने बताया कि रजत पथ मित्र नगर में नई पाइप लाइन के लिए 25.22 लाख व वाल्मीकि चौक में 35.51 लाख तथा वार्ड 55 में छतरी योजना आतेड़ रोड़ क्षेत्र में 14.67 लाख रुपए राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत किए गए। चौरसियावास स्थित कुम्हार मोहल्ला में पाइप लाइन के लिए 8.34 लाख व किशन गुरनानी मोहल्ला में 19.72 लाख तथा जाटियावास व नयाबाजार के लिए 11.11 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। जम्बेश्वर कॉलोनी रातीडांग में 13.93 लाख व देवनगर में नई पाइप लाइन के लिए 14.45 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं।