अजमेर, ब्यावर व नसीराबाद में आज पेयजल आपूर्ति रहेगी बाधित
अजमेर | केकड़ी से जयपुर बाईपास पर बीसलपुर लाइन में लीकेज को सुधारने को लेकर रविवार को अजमेर शहर ब्यावर में नसीराबाद में पेयजल सप्लाई बाधित रहेगी। जानकारी के अनुसार केकड़ी से जयपुर बाईपास पर 1600 एमएम बीसलपुर लाइन की वेल्डिंग टूटने से पिछले लंबे समय से पानी व्यर्थ बह रहा था। लाइन दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों से शटडाउन की मांग की गई लेकिन गर्मी के मौसम को देखते हुए अधिकारियों ने प्रतिदिन थोड़ा-थोड़ा शट डाउन लेकर लीकेज को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। शनिवार को विभाग की ओर से 5 घंटे का शटडाउन लेकर लाइन दुरुस्त करने का कार्य किया गया था। केकड़ी में जयपुर बाईपास पर शनिवार को शटडाउन लेकर लाइन के लीकेज को सुधार दिया गया। शाम साढ़े पांच बजे तक कार्य पूर्ण कर लिया गया लेकिन आगे सप्लाई नहीं होने से अजमेर शहर में सप्लाई पूरी तरह से बाधित रहेगी। साथ ही ब्यावर व नसीराबाद में भी सप्लाई बाधित रहने की संभावना है।