नगर निगम में 1115 रिक्त पदों पर होगी सफाई कर्मियों की भर्ती
प्रदेश के नगरीय निकायों में 21136 रिक्त पदों पर सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। राज्य की नगरीय निकायों में सफाई कर्मचारियों के स्वीकृत एवं वर्तमान में रिक्त पदों के आधार पर अजमेर नगर निगम में 1115 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। अभ्यर्थी 16 अप्रैल से 15 मई तक आवेदन कर सकेंगे। स्वायत्त शासन विभाग ने भर्ती को लेकर गाइड लाइन विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। सरकार के स्तर पर जारी किए गए दिशा निर्देश के तहत आवेदन कर्ता राजस्थान का मूल निवासी होना चाहिए। आवेदक को एक वर्ष कार्य का अनुभव होना चाहिए। 1 जनवरी 2019 को न्यूनतम 18 वर्ष एवं अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। उक्त पदों के लिए आरक्षित वर्ग के लिए नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी। प्रमुख रूप से अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को पांच वर्ष की छूट, भूतपूर्व सैनिक के लिए उच्च आयु सीमा 50 वर्ष होगी। विधवा एवं विभिन्न विवाह, तलाकशुदा महिलाओं के मामले में कोई आयु सीमा लागू नहीं होगी। विकलांग अभ्यार्थियों को अधिकतम आयु सीमा में राज्य सरकार के नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
ये होगी चयन प्रक्रिया
राजस्थान नगर पालिका सफाई कर्मचारी सेवा नियम 2012 एवं संशोधित नियम 2018 में तय प्रावधानों के अनुसार प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच कर पात्र अभ्यार्थियों का लॉटरी के माध्यम से चयन होगा। आवेदक को एक ही निकाय क्षेत्र में आवेदन करना होगा। यदि वह दो अलग-अलग निकायों में आवेदन करता है तो स्वत: ही खारिज हो जाएगा।
1115 में शामिल हाेंगे 182 पद : अजमेर नगर निगम में 1115 रिक्त पदों पर भर्ती होगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व में 182 पदों पर की गई भर्ती प्रक्रिया का मामला हाई कोर्ट पहुंच गया था। जिसमें हाल ही आदेश जारी किए हैं कि अजमेर नगरनिगम उक्त सूची की जांच कर नियुक्ति प्रदान करे। उक्त 182 पद 1115 रिक्त पदों में शामिल होंगे। यानि 933 पदों पर ही भर्ती हो सकेगी।
पूर्व भर्ती प्रक्रिया में थी खामियां, इसलिए प्रकरण कोर्ट में थे लंबित
उल्लेखनीय है कि पूर्व में स्वायत्त शासन विभाग ने सफाई कर्मचारियों की भर्ती आमंत्रित की थी। डीएलबी स्तर पर उक्त भर्ती प्रक्रिया को दो चरणों में पूरा करने के लिए प्रयास किए गए थे। पहले चरण में एससी एवं सामान्य एवं दूसरे चरण में एसटी एवं ओबीसी को शामिल किया गया था। पहले चरण में भर्ती प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाता था। इसलिए पूर्व में संपन्न हुई लगभग सभी भर्तियां कोर्ट में चली गई और भर्ती पर रोक लगती रही है। यदि इस बार एक ही चरण में इस प्रक्रिया को संपन्न किया जाता है तो उम्मीद है कि बिना बाधा इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।
16 अप्रैल से आवेदन लिए जा सकेंगे। 182 पदों पर जारी की गई फाइनल लिस्ट पर हाई कोर्ट के आदेश की पालना के लिए डीएलबी से मार्ग दर्शन लिया जाएगा। सरकार से जारी मार्ग दर्शन के आधार पर नियमानुसार भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।’ हिमांशु गुप्ता, आयुक्त नगर निगम