पीने के पानी को तरसे श्रद्धालु
पीने के पानी को तरसे श्रद्धालु
पुष्कर में पिछले दस सप्ताह से चल रही पेयजल समस्या का सोमवार को सरोवर में स्नान करने आए श्रद्धालुओं को भी सामना करना पड़ा। जलापूर्ति बाधित होने की वजह से कई धार्मिक प्याऊ पर ताले लटके रहे। हालांकि तीर्थ यात्रियों की सुविधार्थ कुछ स्थानों पर कस्बे के व्यापारियों व सामाजिक संगठनों की ओर से ठंडे पानी के कैन रखवाए गए। लेकिन वे नाकाफी साबित हो रहे थे।
चोर-जेबकतरे रहे सक्रिय
पुष्कर में सोमवती अमावस्या स्नान के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रमुख घाटों व बाजारों में पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया। पुलिस के अधिकतर जवान मोबाइल फोन में व्यस्त नजर आए, जबकि चोर-जेबकतरे कई यात्रियों का सामान चुरा कर चंपत हो गए। भीड़ के बावजूद मुख्य बाजार में चार पहिए वाहन दौड़ते रहे तथा आवारा जानवरों का जमघट लगा रहा।
बसों की कमी से परेशान रहे यात्री: श्रद्धालुओं की भीड़ को बसों की कमी का सामना करना पड़ा। अजमेर-पुष्कर के बीच रोडवेज बसों की माकूल व्यवस्था नहीं करने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।