महिला को टोकना टीटी को पड़ गया भारी
उदयपुर से हरिद्वार जा रही ट्रेन में जनरल टिकट लेकर स्लीपर में यात्रा कर रही महिला को टोकना टीटी को भारी पड़ गया। अलवर स्टेशन पर महिला के कुछ परिचित लोग पहुंच गए और टीटी व आरपीएफ के जवान से मारपीट शुरू कर दी। इस संबंध में टीटी की ओर से अलवर जीआरपी में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
चीफ टिकिट इंस्पेक्टर, जयपुर डिवीजन व उत्तर पश्चिम रेलवे मधुरसंग किशनगढ़ के शाखा सचिव कुलदीप यादव ने बताया कि शनिवार को उदयपुर से हरिद्वार जा रही ट्रेन में एक महिला जनरल टिकिट लेकर अपने बेटे के साथ एसी कोच में चढ़ गई। वहां मना करने पर वह अपने बेटे के साथ स्लीपर कोच में जाकर बैठ गई। वहां जांच के दौरान टीटी पप्पू कुमार ने महिला से टिकिट मांगा और जनरल का टिकिट होने की वजह से चालान भरने को कहा।
महिला ने चालान भरने से मना कर दिया तो टीटी ने उसे अगले स्टेशन पर उतरने की बात कही साथ ही आरपीएफ को सूचना दे दी। आरपीएफ के जवान ने भी महिला को समझाया तो वह नहीं मानी। जब महिला अलवर स्टेशन पर उतरी तो उसके परिचित कुछ लोग वहां पहुंच गए और टीटी व आरपीएफ के जवान से मारपीट शुरू कर दी। महिला भी टीटी पर नशे में होने का आरोप लगाने लगी। जीआरपी इस मामले की जांच कर रही है।