इस्लाम पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की बेटी शहजादी-ए-कोनेन सैयदा फातिमा तुज्जेहरा का यौमे वफात दरगाह में रविवार को मनाया गया। इस मौके पर हुई महफिल में खासी तादाद में महिला अकीदतमंद शरीक हुईं।
दरगाह के अहाता ए नूर में अस्र की नमाज के बाद महफिल की शुरुआत कुरान शरीफ की तिलावत से हुई। नात व मनकबत के नजराने पेश किए गए। सैयद अब्दुल मन्नान राही चिश्ती ने हजरत फातिमा की जिंदगी और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने हजरत फातिमा की जिंदगी औरतों और बच्चियों के लिए मिसाली जिंदगी बताया। उन्होंने बच्चियों की तालीम पर जोर दिया। बाद में शाही कव्वाल असरार हुसैन और साथियों ने सूफियाना कलाम पेश किए। तबर्रुक पर नियाज दिलाई गई। सामूहिक रोजा इफ्तार के आयोजन हुए। अंजुमन सैयदजादगान के सचिव सैयद वाहिद हुसैन अंगाराशाह के मुताबिक रमजान मुबारक की 3 तारीख को हजरत फातिमा की वफात का दिन है। मगरिब की नमाज के बाद लंगर का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में रोजेदारों ने शिरकत की।
तरावीह की नमाज अदा की; इधर मसाजिद में तरावीह की नमाज का दौर जारी है। दरगाह की शाहजहांनी, अकबरी और संदल खाना मस्जिद समेत शहर की विभिन्न मसाजिद में तरावीह की नमाज में कुरआन शरीफ का दौर जारी है। तरावीह की नमाज में बड़ी संख्या में रोजेदार व नमाजी शरीक हो रहे हैं। हाफिज हजरात तरावीह की नमाज में कुरान शरीफ का प्रतिदिन सवा से डेढ़ पारा रोज तक तिलावत कर रहे हैं। मौलाना बशीरुल कादरी के अनुसार तरावीह की नमाज में जारी कुरान शरीफ का दौर 26 वें रोजे काे मुकम्मल हाे जाएगा। स॔जरी मस्जिद में भी हुआ आयोजन, इधर शेखा मोहल्ला स्थित स॔जरी मस्जिद में भी इस मौके पर अंजुमन मोहिब्बाने अहले बैत की ओर से महफिल का आयोजन किया गया। कुरान शरीफ की तिलावत से महफिल का आगाज हुआ। संस्था के अध्यक्ष अहसान मिर्जा ने अतिथियों का स्वागत किया। उलेमा ने हजरत फातिमा की जिंदगी पर बयान किया।