पूर्व प्रधानमंत्री भारत र| स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर अजमेर सांसद डॉ. रघु शर्मा व देहात जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिले की बिगड़ती पेयजल व्यवस्था के विरोध में सोमवार को धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला प्रवक्ता अजय शर्मा ने बताया कि भीषण गर्मी और बीसलपुर बांध में पर्याप्त जल उपलब्ध होने के बावजूद सरकारी लापरवाही के कारण जिले की जलापूर्ति व्यवस्था बुरी तरह चरमरा चुकी है। जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिक विभाग को जिले में सुचारू जलापूर्ति के लिए कई बार ज्ञापन व चेतावनी देने के बावजूद व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। इसके खिलाफ देहात जिले के सभी 12 ब्लॉक के कांग्रेसी सोमवार सुबह 9 बजे अजमेर पहुंचेंगे। कमल वर्मा ने बताया कि अजमेर डाक बंगले पर पहले जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद डाक बंगले से सांसद डॉ. रघु शर्मा, शहर अध्यक्ष विजय जैन व देहात जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेसजन कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर पहुंचकर 10 से 12 बजे तक धरना देंगे व बाद में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। अंकुर त्यागी के अनुसार कार्यक्रम में सभी पूर्व मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ कांग्रेसजन, पीसीसी पदाधिकारी, डीसीसी पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी व सभी कार्यकर्ता शामिल होंगे।