अजमेर| मदारपुरा क्षेत्र में जलदाय विभाग के कार्मिकों की अनदेखी के चलते पाइप लाइन में लीकेज से हजारों लीटर पानी सप्लाई के दौरान व्यर्थ बह रहा है। इन लीकेज के कारण घरों में भी कम प्रेशर से पानी की सप्लाई हो रही है। लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में उन्हें टैंकरों से पानी खरीदकर मंगवाना पड़ रहा है या आसपास के हैंडपंप या अन्य साधनों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। मदारपुरा में सरकारी स्कूल के पास करीब दस दिन से पाइप लाइन लीकेज है। जब भी सप्लाई होती है, पानी सड़कों पर बहने लगता है। आसपास की सड़क पूरी तरह तालाब के रूप में तब्दील हो जाती है। इसी तरह शनि मंदिर के पास भी एक लीकेज लंबे समय से है। भास्कर के जलमित्र के अनुसार यहां किसी असामाजिक तत्व ने अवैध कनेक्शन लेने के चक्कर में पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
लापरवाही भी कर रही पानी बर्बाद
घरों और दुकानों में नलों को बंद नहीं रखने के कारण भी सप्लाई के दौरान पानी बहने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला दैनिक भास्कर के जल मित्र अजय ईनानी ने भेजा है। नया बाजार में रविवार सुबह एक बंद दुकान में लगे नल कनेक्शन में से सप्लाई के दौरान पानी बह रहा था। इसी प्रकार बिहारी गंज में सुबह की बजाय दोपहर में पानी सप्लाई किया गया। कई परिवारों के दिन में घरों से बाहर रहने के कारण और नल खुले रहने से पानी व्यर्थ बह गया।