आरएसी के अतिरिक्त महानिदेशक के.नरसिम्हाराव नवनिर्मित बैरक का उद्घाटन करते हुए।
अजमेर | जयपुर रोड घूघरा स्थित हाई-सिक्योरिटी जेल की बाहरी सुरक्षा के लिए तैनात आरएसी के जवानों के लिए सुविधायुक्त नवनिर्मित बैरक का सोमवार को आरएसी के अतिरिक्त महानिदेशक के.नरसिम्हाराव ने उद्घाटन किया। कम्पनी कमांडर महावीर शर्मा ने बताया कि जयपुर रोड पर हाई-सिक्योरिटी जेल में पचास व्यक्तियों की क्षमता वाली बैरक का निर्माण कराया गया है। सोमवार को अतिरिक्त महानिदेशक ने बैरक का शुभारंभ किया। बैरक की सुविधा शुरू होने से जेल की सुरक्षा व्यवस्था और ज्यादा मजबूत होगी। उल्लेखनीय है कि आरएसी की बटालियन जेल की बाहरी सुरक्षा में तैनात है, जबकि जेल के भीतर जेल प्रहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस मौके पर अजमेर रेंज आईजी मालिनी अग्रवाल, जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह, आरएसी के प्लाटून अधिकारी रघुवीर सेनी तथा कम्पनी कमांडर महावीर शर्मा आदि उपस्थित थे।
जेल प्रहरी ने सुरक्षा में खामियों की जानकारी दी तो भड़के अधिकारी
एडीजी राव ने हाई-सिक्योरिटी जेल का निरीक्षण किया। अधिकारियों और जेल प्रहरियों की बैठक में उनसे समस्याओं की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार जेल प्रहरियों ने जेल में खराब सीसीटीवी कैमरा सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की अनुपलब्धता के बारे में एडीजी को जानकारी दी है। खास बात यह है कि मीडिया कर्मियों के सामने जब एक जेल प्रहरी ने सुरक्षा में खामियों की जानकारी एडीजी को दी तो अधिकारी भड़क गए और उन्होंने मीडिया कर्मियों को सभा स्थल से बाहर कर दिया। बाद में एडीजी ने सुरक्षा में खामी उजागर करने वालों को डांट-फटकार भी लगाई।
आज परेड और संपर्क सभा | एडीजी आर्म्स बटालियन के.नरसिम्हा राव सोमवार को दो दिवसीय अजमेर दौरे पर पहुंचे। उन्होंने जीआरपी एसपी ऑफिस में अजमेर मंडल के पुलिस अधिकारियों की बैठक में कामकाज की समीक्षा की। बैठक में वर्ष 2017 मे किए गए कार्यों की समीक्षा की गई, वहीं इसे और बेहतर कैसे बनाया जाए इस पर चर्चा की गई। इस दौरान अजमेर जीआरपी एसपी सुनील विश्नोई सहित मंडल एडिशनल एसपी, थाना प्रभारी मौजूद रहे। एडीजी नरसिम्हा राव 22 मई को सुबह जीआरपी पुलिस लाइन में परेड की सलामी लेंगे और जीआरपी लाइन का निरीक्षण करने के बाद पुलिस कर्मियों की संपर्क सभा को भी संबोधित करेंगे।