अजमेर | स्टेशन रोड पर यातायात के दबाव को कम करने और ट्रेफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए टेम्पो और सिटी बस चालकों के रूट में परिवर्तन के विरोध में भारतीय जनता टेम्पो यूनियन के बैनर तले चालकों ने कलेक्ट्रेट के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। यूनियन ने टेम्पो चालकों की मांग पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए जाने पर टेम्पो व सिटी बसों का संचालन अनिश्चितकालीन बंद करने की चेतावनी दी है। यूनियन के अध्यक्ष गुलाब बनीष्ठिया व चालकों ने कहा कि पुलिस व प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के नाम पर रूट परिवर्तन किया गया है। इससे टेम्पो चालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। शहर मे संचालित निजी चार पहिया वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ, लेकिन यातायात बाधित करने का जिम्मेदार टेम्पो चालकों को ठहराया जा रहा है। प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर समस्या की जानकारी दी है।
जेएलएन में सोने की चेन तोड़कर ले गए बदमाश
अजमेर | जेएलएन अस्पताल के ब्लड बैंक के बाहर चेन स्नेचरों ने सोमलपुर निवासी 50 वर्षीय बुजुर्ग प्रेम देवी के गले से करीब 15000 रुपए कीमत की सोने की चेन तोड़ ली और भाग गए। बुजुर्ग महिला ने मचाया था, लेकिन जब तक लोग कुछ समझ पाते शातिर चेन स्नेचर चंपत हो गया। प्रेम के परिजनों ने कोतवाली थाना पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में बताया कि 50 वर्षीय प्रेम देवी पानी पीने के लिए वार्ड से निकलकर पहली मंजिल पर आई थी। इसी दौरान पीछे से 25 से 30 साल के युवक ने अस्पताल परिसर में सीढ़ियों के पास झपट्टा मार कर प्रेम के गले से चेन तोड़ ली। कोतवाली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है।
मंदिर में चोरी के आरोपियों को पकड़ने की मांग
अजमेर | सांवर थाना इलाका स्थित चारभुजा मंदिर में हो रही लगातार चोरी की वारदातों में लिप्त आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर सावर के लोगों ने सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह से की।
ज्ञापन में बताया गया है कि चारभुजा मंदिर इलाके का प्राचीन मंदिर है, मंदिर में 6 दिसम्बर, 2017 की रात लाखों रुपए के आभूषणों की चोरी की शिकायत थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस वारदात को खोलने में नाकाम रही है। इससे पहले भी 13 मार्च, 2014 की रात भी चोरी हुई थी।
गोदाम से एक लाख के कपड़े गायब
अजमेर | शातिर चोरों ने केसरगंज स्थित ग्लोबल ट्रांसपोर्ट कम्पनी के गोदाम से करीब एक लाख रुपए कीमत के कपड़े के बंडल पार कर दिए। केसरगंज चौकी प्रभारी एएसआई राजाराम ने बताया कि ट्रांसपोर्ट कम्पनी के संचालक सुनील कुमार ने शिकायत दी है कि गत आठ मई की शाम छह बजे कपड़े के थान कंपनी के गोदाम में रखवाए गए थे। दूसरे दिन सुबह दस बजे कार्यालय खोला गया तो कपड़े के बंडल गायब थे। सुनील ने शिकायत में बताया है कि आठ मई की रात अज्ञात चोर कपड़े के थान ले गया। चोरी गए कपड़े थान की कीमत एक लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
बैग छीनकर भागे बाइकर्स का नहीं लगा सुराग
अजमेर | क्रिश्चियन गंज थाना इलाके में 13 मई को पंचशील नगर डी मार्ट के पास स्कूटी सवार युवती के हाथ से बैग छीन कर बाइक सवार युवक भाग गए। वारदात के आठ दिन बाद भी पुलिस आरोपियों की पहचान नहीं कर सकी है। पीड़िता रेखा पेसवानी ने बताया कि बैग में दो मोबाइल फोन, दो घड़ी और नकदी थी। आरोपी पल्सर बाइक पर सवार थे।