दरगाह नाजिम आईबी पीरजादा ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने देर रात भास्कर से इस्तीफे की पुष्टि की है। उनके स्थान पर नए नाजिम कही नियुक्ति के लिए केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्रालय ने विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित कर लिए हैं। मंत्रालय की वेबसाइट पर यह विज्ञापन जारी किया गया है और एक महीने में आवेदन मांगे गए हैं।
मंत्रालय में उपसचिव निजामुद्दीन की ओर से इस पद के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस पद के लिए अनिवार्य अहर्ताएं एवं अनुभव के तौर पर केंद्र या राज्य सरकार, स्वायत्त निकाय, केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों में उपसचिव या निदेशक के समकक्ष पर कार्यरत या सेवानिवृत्त अधिकारियों से आवेदन मांगे गए हैं।
हनफी मुसलमान और भारतीय नागरिक होना अनिवार्य शर्त बताया गया है। ख्वाजा साहब का श्रद्धालु होना भी शर्त है। मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम स्नातक और उर्दू कार्यसाधक ज्ञान होना चाहिए। आयु 35 से 55 वर्ष तक मांगी गई है। विशेष मामलों में आयु सीमा में छूट भी दी जा सकती है।
विभिन्न शर्तों और सुविधाओं का भी वेबसाइट पर विस्तृत विवरण दिया गया है। मंत्रालय ने विज्ञापन प्रकाशित होने के एक महीने के भीतर आवेदन मंत्रालय में उपसचिव वक्फ निजामुद्दीन को भेजने के लिए कहा गया है।
दो साल के लिए हुई थी नियुक्ति
दरगाह कमेटी सूत्रों के मुताबिक मौजूदा नाजिम आई बी पीरजादा का अगस्त 2017 में मंत्रालय ने नाजिम पद पर नियुक्ति की थी। दो साल के लिए उनकी इस पद पर नियुक्ति की गई है। अभी इस कार्यकाल में समय बाकी था। वे दूसरे नाजिम हैं जिन्होंने कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफा दे दिया। उनसे पहले लेफ्टिनेंट कर्नल मंसूर भी कार्यकाल बीच में छोड़ कर इस्तीफा दे गए थे।