अजमेर| आधुनिक नाट्य कला संस्थान की ओर से वरिष्ठ रंगकर्मी लाखनसिंह को समर्पित लाखन मिनी थियेटर का शुभारंभ रविवार को पुष्कर रोड स्थित मोती विहार कॉलोनी में किया गया। जिसका उद्घाटन संस्था के अध्यक्ष डॉ. हरबंस सिंह दुआ, वरिष्ठ रंगकर्मी लाखनसिंह, संस्था की संरक्षक मीना मुकर्जी ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर डॉ. दुआ ने कहा कि संस्थान की 42 वर्षों की यात्रा में यह उसका ऐसा पड़ाव है, जो शहर के नवांकुर कलाकारों व स्थापित कलाकारों के लिए खुशी का अवसर है। चूंकि इस शहर में कलाकारों के लिए कोई भी ऐसी जगह नहीं है, जहां वे अपनी रिहर्सल आसानी से कर सकें। संस्थान का यह मिनी थियेटर अब ऐसे कलाकारों को समर्पित रहेगा और उन्हें आगे बढ़ने में सहायक सिद्ध होगा। लाखनसिंह ने कहा कि उनके जीवन का यह सपना था कि वे कलाकारों के लिए कोई ऐसी जगह बनाएं जहां वह अपनी प्रतिभा को तराश सके और जो 365 दिन, 24 घंटे उनके लिए उपलब्ध रहे। इस थियेटर में स्वयं लाखनसिंह नवांकुरों को नाट्य विधा का प्रशिक्षण देंगे। अपना थियेटर के अध्यक्ष योबी जॉर्ज व आप हम संस्थान के अध्यक्ष विष्णु अवतार भार्गव ने कहा कि लाखनसिंह ने इस शहर के कई कलाकारों को नाट्य विधा सिखाई है। इस अवसर पर मम्मी अकेला क्यों छोड़ गई नाटक का मंचन भी किया गया जिसमें अनन्या व दीपेंद्र ने अभिनय किया। जिसे सभी ने सराहा। कार्यक्रम का संचालन संस्था के संयोजक नरेन्द्र भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर अमित भारद्वाज, विकल्प सिंह, निरंजन, योगेश सब्बरवाल, हेमंत शर्मा, दीक्षा सिंह, पुनीत दाधीच, दीपक शर्मा, गोपाल चटर्जी, मीन शर्मा आदि उपस्थित थे।
लाखन मिनी थिएटर का शुभारंभ