डीआरएम चावला का तबादला, राजेश कश्यप लेंगे उनका स्थान
ट्रांसपोर्ट रिपोर्टर | अजमेर
अजमेर रेल मंडल के डीआरएम पुनीत चावला का गुरुवार को तबादला हो गया है। अजमेर डीआरएम रहते हुए चावला ने रेल यात्रियों एवं शहरवासियों की सुविधा के लिए कई कार्य करवाएं। डीआरएम पद से तबादला होने के बाद चावला भारतीय रेलवे में किस पद पर कार्य करेंगे? इस संबंध में आदेश होना बाकी है। अजमेर रेल मंडल के नए डीआरएम के तौर पर राजेश कुमार कश्यप को लगाया गया है। कश्यप दिल्ली मुख्यालय में ट्रेफिक सर्विस के अफसर है और सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड से हैं। भारतीय रेलवे बोर्ड के संयुक्त सचिव एसके अग्रवाल ने तबादले के संबंध में आदेश जारी किए। पुनीत चावला ने अजमेर डीआरएम पद का कार्य भार 26 अप्रैल 2016 को संभाला था। चावला का बतौर अजमेर डीआरएम, रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया से बेहतर तालमेल रहा। रेलवे यात्रियों की सुविधां के अलावा चावला अपने पूरे कार्यकाल में शहर से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय रहे।
राजेश कुमार कश्यप।
चावला ने कराए कई विशेष कार्य
सेकंड एंट्री गेट का कार्य आउट ऑफ टर्न 1 करोड़़ का बजट पास करवाकर प्रारंभ करवाया। 10 करोड की लागत का यह गेट रेल यात्रियों की सुविधा के लिए खुल जाएगा।
मदार रेलवे स्टेशन काे सैटेलाइट रेलवे स्टेशन के रूप में डवलप कर यहां से ट्रेनें चलाई।
दौराई रेलवे स्टेशन को भी सेटेलाइट रेलवे स्टेशन के रूप में तैयार किया।
मल्टी स्टोरी पार्किंग के विजन को साकार किया, तोपदड़ा की साइड यह पार्किंग भी जल्द ही प्रारंभ होगी।
स्टेशन के बाहर मल्टीफंक्शनल कॉम्पलेक्स लगभग तैयार है, हजारी बाग में रेलवे की गैर उपयोगी भूमि के लिए आरएलडीए के जरिए डवलपमेंट स्कीम तैयार की।
स्टेशन पर चार एस्केलेटर, 2 लिफ्ट, बाहर ग्रीन वॉल, डिजिटल साइन बोर्ड, 24 घंटे मैकेनाइज्ड क्नीलिंग, ई कार्ट, डिजिटल साइन बोर्ड, नया सरक्यूलेटिंग एरिया, वाटर वैंडिंग मशीन सहित कई सुविधाओं का विस्तार करवाया।
राजा साइकिल चौराहे के पास रेल उद्यान तथा अलवर गेट पर रेल म्यूजियम तैयार हो रहा है। डीआरएम दफ्तर के बाहर आकर्षक पेंटिंग करवाकर वॉल म्यूजियम तैयार किया।
अजमेर का कार्यकाल हमेशा याद रहेगा : चावला
डीआरएम चावला ने तबादला आदेश के बाद भास्कर से हुई विशेष बातचीत में बताया कि अजमेर का कार्यकाल उनकी सर्विस की बेहतर और हमेशा याद रहने वाला कार्यकाल रहेगा। अजमेर के जनप्रतिनिधि, प्रशासन और मीडिया सभी ने हमारी सकारात्मक सोच में साथ दिया और रेल यात्रियों एवं शहरवासियों के लिए कई कार्य सभी ने मिलकर किए। अजमेर को सेकंड एंट्री गेट मिले और यात्री सुविधाओं का विस्तार महानगरों जैसा हो? यही सोच लेकर मैं चला था।