बाल विवाह की शिकायत पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, परिजनों को किया पाबंद
अजमेर|अजयसर गांव में मंगलवार को दो बहनों के बाल विवाह की शिकायत से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर विवाह रुकवा दिया। बच्चियों के पिता और परिजनों ने सफाई दी है कि दुल्हन की उम्र सरकारी स्कूल के रिकार्ड में 19 साल है, जबकि छोटी बहन का तो विवाह ही नहीं हो रहा है।
गंज थाना पुलिस ने बच्चियों के परिजनों को विवाह नहीं करने के लिए पाबंद किया है और उनसे बच्चियों के उम्र संबंधित दस्तावेज पेश करने को कहा है। जिला प्रशासन को शिकायत मिली थी कि अजयसर गांव में आंबा पुत्र पन्ना चीता नाबालिग पुत्रियों की शादी कर रहा है। इस शिकायत पर गंज थाना प्रभारी मय दल के मौके पर पहुंच गए।
हल्का पटवारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आंबा चीता और उसके परिजनों से पूछताछ की। उनका कहना था कि बड़ी पुत्री जिसकी शादी है उसकी उम्र सरकारी स्कूल के रिकार्ड में 19 साल है, जबकि छोटी पुत्री नाबालिग है, उसका विवाह नहीं हो रहा है। पुलिस ने जांच पूरी होने तक आंबा को विवाह नहीं करने के लिए पाबंद कर दिया है। आंबा से उसकी पुत्रियों के उम्र संबंधित दस्तावेज पेश करने को कहा गया है।