नलाें में पूरा नहीं आ रहा पानी, हैंडपंप भी नकारा, लीकेज में बह रहा हजारों लीटर
सुभाषनगर का सुंदर नगर क्षेत्र। यहां नल भी हैं, लेकिन पानी आपूर्ति का कोई समय निर्धारित नहीं। सर्दियों के मौसम में तो क्षेत्रवासी जैसे-तैसे इस स्थिति से उबर लेते हैं, लेकिन भीषण गर्मी में जहां तापमान 42 डिग्री के पार है, वहां ऐसे हालात लोगों के लिए परेशानी भरे हैं।
क्षेत्र के लोगों को हैंडपंप से भी राहत नहीं मिल पा रही है। आसपास करीब 20 हैंडपंप लगे हैं, लेकिन 2-4 में ही पानी आ रहा है, बाकी या तो खराब हैं या जमीन में पानी नहीं है।
सुबह की शुरुआत ही लोगों की पानी की जुगत के साथ होती है। महिलाएं हो या बच्चे, हैंडपंप सहित अन्य जगहों से पानी लेने निकल पड़ते हैं। यह क्रम जरूरत के हिसाब से पूरे दिन चलती रहती है।
यहां पानी हो रहा बर्बाद
ब्यावर रोड पर सेंट फ्रांसिस अस्पताल के सामने पुलिया के नीचे पाइप लाइन लीकेज है। यह आज से नहीं, कई महीनों से लीकेज चल रही है, लेकिन जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा। जहां गर्मी में पेयजल किल्लत से आए दिन पूरा शहर परेशान हो रहा है, वहीं कीमती पानी व्यर्थ बह रहा है। यह पानी व्यर्थ बहकर गंदे नाले में जा रहा है, जो किसी काम का भी नहीं।
सुभाष नगर
जलदाय विभाग के सामने लीकेज, नहीं ले रहे सुध
शहर के हालात तो छोड़िए जलदाय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही का सबसे बड़ा नमूना देखना है तो वैशालीनगर टेलीफोन एक्सचेंज के बाहर स्थित जलदाय विभाग के दफ्तर के पास चले जाइए। पीएचईडी ऑफिस के बाहर ही लंबे समय से पाइप लाइन लीकेज है और रोजाना पानी व्यर्थ बह रहा है। भास्कर के जलमित्र सुरेश कृपलानी ने आसपास के लोगों से जब बात की, तो उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन से यह लीकेज है। ताज्जुब की बात तो यह है कि विभाग का दफ्तर भी सामने है, अधिकारी-कर्मचारी रोजाना यहां से निकलते होंगे, लेकिन उन्होंने व्यर्थ बह रहे पानी को बचाने के लिए थोड़ी सी भी मेहनत नहीं की।
जल मित्र की शिकायत पर ठीक किए लीकेज
माकड़वाली रोड पर जी ब्लॉक में पानी की पाइप लाइन में लीकेज को लेकर भास्कर जलमित्र सुरेश कृपलानी की शिकायत पर मंगलवार को जलदाय कर्मी पहुंचे। ये कर्मचारी लगातार दो दिन से पाइप लाइन के लीकेज ठीक करने में लगे हैं। यहां पाइप लाइन लीकेज होने से पानी तो व्यर्थ बह ही रहा था, घरों में पूरे प्रेशर से पानी ही नहीं पहुंच पा रहा था।