कर्नाटक के राजनीतिक घटनाक्रमों से नाराज कांग्रेसियों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या कर सरकार बनाई है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शहर व देहात कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सांसद रघु शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।
अपरान्ह करीब चार बजे कांग्रेसी डाक बंगले पर एकत्रित होना शुरू हुए। यहां से रैली के रूप में सांसद रघु शर्मा के नेतृत्व में शहर व देहात कांग्रेस के कार्यकर्ता रैली के रूप में रवाना होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
जनादेश का अपमान कर रही है भाजपा
प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों को संबोधित करते हुए सांसद रघु शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया है, वह ना केवल निंदनीय है, बल्कि जनादेश का अपमान भी है। सभा को शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन अौर देहात अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया। विरोध प्रदर्शन में पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, महेंद्र सिंह रलावता, डॉ. गोपाल बाहेती, प्रद्युम्नसिंह, हेमंत भाटी, कुलदीप कपूर, विपिन बैसिल, श्याम प्रजापति, गिरधर तेजवानी, अंकुर त्यागी, विवेक पाराशर, वैभव जैन, नरेश सत्यावना, मुजफ्फर भारती, कैलाश कोमल, शैलेंद्र अग्रवाल, सबा खान, सोनल मौर्य, महेश ओझा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल थे।
कम संख्या पर खफा नजर आए शर्मा | शहर व देहात का संयुक्त विरोध प्रदर्शन होने के बावजूद प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों की संख्या बमुश्किल दो सौ तक भी नहीं पहुंच पाई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सांसद रघु शर्मा इस पर खफा नजर आए। गौरतलब है कि हाल ही में बैठकों व प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों की गैर मौजूदगी को लेकर शहर अध्यक्ष विजय जैन सख्त तेवर दिखा चुके हैं लेकिन इसका कोई असर होता नहीं दिखा।