पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Ajmer
  • एक साल, दो विषय, विद्यार्थी बढ़े मात्र 6283, फिर भी परिणाम लेट

एक साल, दो विषय, विद्यार्थी बढ़े मात्र 6283, फिर भी परिणाम लेट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के कॉमर्स व विज्ञान विषयों की परीक्षाओं में गत वर्ष की तुलना में इस बार केवल 6 हजार 283 विद्यार्थी बढ़े हैं। बोर्ड ने गत वर्ष 15 मई को इन दोनों विषयों के परिणाम एक साथ घोषित कर दिए थे। इस बार बोर्ड अब तक परिणाम की तिथि तय नहीं कर पा रहा है। शनिवार को हुई बैठक में भी कोई निर्णय नहीं हुआ।

बोर्ड की कक्षा 12वीं के दोनों विषयों कॉमर्स व साइंस की परीक्षा में गत वर्ष की परीक्षा की तुलना में 6 हजार 283 विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं जंचने में ही संभवतया अधिक समय लगा है। माना जा रहा है कि इसके चलते ही परिणाम में विलंब हुआ है। हालांकि बोर्ड ने परिणाम में हुई देरी का अब तक कोई कारण नहीं बताया है। गत वर्ष 15 मई को पहला परिणाम आ चुका था, आज इसके बाद अब तक 5 दिन अधिक बीत गए हैं। इधर, देश के कुछ अन्य बोर्ड्स के भी परिणाम जारी हो चुके हैं। ऐसे में विद्यार्थियों और उनके परिजनों में अब इस बात को लेकर बेचैनी बढ़ती जा रही है कि राजस्थान बोर्ड के परिणाम की घोषणा कब से होगी।

12वीं की दोनों कक्षाओं में ये है स्थिति

इस वर्ष बोर्ड की 12वीं विज्ञान और कॉमर्स की परीक्षाओं के लिए कुल 2 लाख 88 हजार 635 विद्यार्थी पंजीकृत किए गए। इनमें कॉमर्स के 42 हजार 665 विद्यार्थी हैं और विज्ञान वर्ग के 2 लाख 46 हजार 254 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके विपरीत वर्ष 2017 की बोर्ड परीक्षा में 12वीं कॉमर्स व साइंस के लिए कुल 2 लाख 82 हजार 636 विद्यार्थी पंजीकृत किए गए थे। इनमें से कॉमर्स में 48 हजार 113 विद्यार्थी पंजीकृत किए थे। विज्ञान वर्ग में 2 लाख 34 हजार 523 विद्यार्थी पंजीकृत थे। दोनों परीक्षाओं में एक साल में कुल 6 हजार 283 विद्यार्थी ही अधिक हैं।

परिणाम समिति की हुई बैठक

बोर्ड अध्यक्ष प्रो. बी एल चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को परीक्षा परिणाम समिति की बैठक हुई। इस में 12 वीं कामर्स और साइंस के परिणाम की तैयारी को लेकर चर्चा हुई । बोर्ड सूत्रों के अनुसार अभी परिणाम में एकाध दिन लगेंगे। कुछ और तैयारी शेष है।

सीबीएसई से पहले जारी कर सकता है बोर्ड परिणाम

माना जा रहा है कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सीबीएसई की कक्षा 12वीं के परिणाम से पूर्व बोर्ड का परिणाम घोषित कर सकता है। माना जा रहा है कि इस बार सीबीएसई का परिणाम 28 को जारी हो सकता है। जबकि बोर्ड सूत्रों ने संकेत दिए हैं कि आगामी सप्ताह के शुरूआत में परिणाम जारी किया जा सकता है।

बोर्ड की परीक्षाएं इस बार गत वर्ष की तुलना में एक सप्ताह देरी शुरू हुई थीं। परिणाम तैयारी अंतिम चरण में है। संभव है सोमवार को परिणाम की तिथि तय कर दी जाए। -प्रो. बीएल चौधरी, अध्यक्ष, राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर

ये बोर्ड हम से आगे

12वीं के परिणाम देने मेंं राजस्थान बोर्ड से देश के कुछ प्रमुख बोर्ड आगे निकल गए हैं। अब तक मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, हरियाणा, गुजरात ओर उत्तर प्रदेश शिक्षा बोर्ड परिणाम घोषित कर चुके हैं। इन बोर्ड की परीक्षाएं भी हमारे बोर्ड के आसपास ही शुरू हुई थीं और समाप्त हुई थीं।

खबरें और भी हैं...