सुबह 7.30 तक रिपोर्ट करना होगा स्टूडेंट्स को
एजुकेशन रिपोर्टर | अजमेर
आईआईटी कानपुर की ओर से जेईई एडवांस परीक्षा रविवार को देश के 155 शहरों में आयोजित होगी। पहला पेपर सुबह 9 से 12 बजे तक होगा तथा दूसरा पेपर दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगा। यह परीक्षा पूर्णतया कंप्यूटर आधारित होगी।
इस साल पहली बार सभी परीक्षार्थियों को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन मोड की परीक्षा में ही शामिल होना होगा। केंद्र पर प्रवेश पत्र का वेरिफिकेशन किया जाएगा। इसके साथ-साथ एक फोटोयुक्त पहचान पत्र भी अभ्यर्थियों को अपने पास रखना होगा। केंद्र में प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त परिचय पत्र, पेन तथा पेंसिल के अतिरिक्त कुछ भी साथ लेकर नहीं जा सकेंगे। किसी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ पकड़े जाने पर निष्कासित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अबेकस, स्लाइड रूलर, लॉग बुक, ज्योमेट्री बॉक्स आदि लेकर केंद्र में जाने की इजाजत नहीं होगी। फुल स्लीव्स के कपड़े न पहनें। आधी आस्तीन के शर्ट या टीशर्ट पहनें। रंग भी गहरा न हो। जूते नहीं, स्लीपर्स या फ्लोटर्स पहनकर एग्जाम देने जाएं।