ग्रेड थर्ड शिक्षकों के तबादलों का काम पूरा कर शिक्षा महकमे के अफसर तो लौट आए हैं, लेकिन सूची जारी नहीं हुई है। इससे शिक्षकों को चिंता होने लगी है। तबादले के लिए जयपुर में कैंप लगाया गया था, इसमें प्रदेशभर के शिक्षा अधिकारियों को जयपुर बुलाया गया। जानकारी के मुताबिक अधिक समय तक ठहराव, शिकायतें व रिक्त पदों काम निपटा लिया गया है। यह काम पूरा कर अपने अपने जिलों में पहुंच गए हैं, लेकिन पांच दिन बाद भी तबादला सूची जारी नहीं होने से संशय पैदा हो गया है।
प्रदेश की पूर्ववर्ती गहलोत सरकार द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं को मजबूत बनाने के मकसद से प्रारंभिक शिक्षा समेत 5 विभाग पंचायतीराज विभाग को सौंपने के बाद से ही ग्रेड थर्ड शिक्षकों के तबादलों को लेकर पेंच फंस गया था, जो लगातार आठ साल से कायम है। शिक्षक अभी भी तबादले के लिए तरस रहे हैं। तबादलों को लेकर प्रदेश के दस प्रतिबंधित जिलाें के शिक्षक समेत अन्य कार्मिक वहीं पर अटककर रह गए हैं। वसुंधरा सरकार की इस कार्यकाल का अंतिम वर्ष होने के कारण इन कार्मिकों की आस जगी हुई है कि उन्हें राहत मिल सकती है, लेकिन फिर भी आशंका है कि दोनों विभागों में टकराव की नौबत तो नहीं आ गई है। पहले भी पंचायतीराज विभाग कह चुका है कि जब सरकार ने प्रारंभिक शिक्षा उनकाे सौंप दी है तो फिर थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले भी हम ही करेंगे। इसको लेकर तबादले हो ही नहीं पा रहे थे। जन प्रतिनिधियों के अलावा पहली बार बाकायदा आर्डर जारी कर कार्यकर्ताओं को भी तवज्जोह दी गई है। उन्होंने भी सरकार को इन शिक्षकों के तबादलों की सिफारिशें की है। अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक नियमों के तहत ही कई थर्ड ग्रेड शिक्षक पहले से ही पंचायतीराज से शिक्षा विभाग में आ गए थे और उनको सेकेंडरी व सीनियर स्कूलों में भी लगा दिया गया था। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा सेटअप द्वारा ग्रेड थर्ड शिक्षकों की सेकंड ग्रेड में पदोन्नति की जानी है। इसका काम भी कल-परसों में ही प्रारंभ हो जाएगा, ऐसे में पदोन्नत शिक्षकों को काउंसलिंग कर रिक्त पदों को देखकर स्कूलें भी आवंटित की जानी है। तबादला सूची जारी नहीं होने की एक वजह इसको भी माना जा रहा है।
गहलोत सरकार ने पंचायतीराज विभागों को सौंपे थे ये विभाग
प्रारंभिक शिक्षा, कृषि विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग। लेकिन इनके बाद 29 विषयों में से अन्य कोई विभाग नहीं सौंपा जा सका।
प्रधानाध्यापक के बाद प्रिंसीपल, इसके बाद ग्रेड थर्ड शिक्षकों के तबादले
ग्रेड थर्ड शिक्षकों के तबादलों को लेकर शिक्षा विभाग व पंचायतीराज विभाग में दस्तखत को लेकर आपसी खींचतान के कारण तबादला सूची जारी नहीं होने की अफवाहों को शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने सिरे से खारिज किया है। उन्होंने भास्कर से बातचीत में कहा कि कोई विवाद नहीं है। तबादलों का कुछ काम अभी और बाकी है। प्रधानाध्यापकों के तबादले कर दिए गए हैं, आज कल में में ग्रेड थर्ड शिक्षकों के तबादले आदेश जारी किए जाएंगे।