अजमेर | कलेक्टर आरती डोगरा की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व लोक अदालत अभियान न्याय आपके द्वार 2018 की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें जिले में पेयजल व्यवस्था को सुचारू करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में गर्मियों के दौरान पेयजल की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति तक पेयजल पहुंचना सुनिश्चित करना जलदाय विभाग का उत्तरदायित्व है।
जिले में न्याय आपके द्वार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में भी पेयजल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में जलदाय विभाग द्वारा समस्त अवैध कनेक्शन हटाए जाएं। इसमें पुलिस तथा प्रशासन विभाग का पूर्ण सहयोग करेंगे। विभाग के साथ-साथ ग्राम पंचायत के हैंडपंप को भी विभाग द्वारा ठीक किया जाएगा। गर्मी के दौरान हैंडपंप मरम्मत का कार्य पहली प्राथमिकता के साथ किया जाए।
किसानों को करें लाभान्वित | शिविर के दौरान किसानों को लाभान्वित करने के लिए किसान समृद्धि रथ की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। काश्तकार ज्वार, मूंग एवं बाजरा के बीज अनुदानित दर पर प्राप्त कर सकते हैं। सरकार द्वारा इन बीजों पर 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जा रही है। शिविर की पूर्व तैयारी के दौरान जाने वाली प्री टीम के द्वारा जमाबंदी का पठन किया जाना आवश्यक है। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर कैलाशचंद शर्मा, न्याय आपके द्वार शिविर के पर्यवेक्षण अधिकारी किशोर कुमार, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भगवत सिंह, जिला आबकारी अधिकारी एनएल राठी सहित समस्त उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित थे।