अंबेडकर जयंती पर दीपदान, पुष्पांजलि और विचार गोष्ठी
बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 14 फरवरी को सुबह दस बजे शहर जिला कांग्रेस की अोर से बस स्टैंड स्थित अंबेडकर सर्किल पर बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद अंबेडकर का देश के लिए योगदान पर विचार गोष्ठी आयोजित कि जाएगी। जयंती के अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसजन, शहर कांग्रेस के पदाधिकारीगण, पूर्व पदाधिकारी, पार्षद, पूर्व पार्षद, ब्लाक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों सहित समस्त कार्यकारिणी,कार्यकर्ता व आमजन भी मौजूद रहेंगे।
जयंती की पूर्व संध्या पर अखिल भारती धानका युवा मोर्चा राजस्थान के तत्वावधान में युवाओं और समाज के वरिष्ठ व्यक्तियों ने दीपदान कर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यह कार्यक्रम रोडवेज बस स्टैंड स्थित अंबेडकर सर्किल पर आयोजित किया गया। 14 अप्रैल को वाहन रैली निकाली जाएगी, जो प्रदेश कार्यालय से शुरू होकर अंबेडकर सर्किल पर समाप्त होगी। दीपदान कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष लक्ष्मीकांत आर्य, जिलाध्यक्ष सुनिल धानका, कपिल डाबले आदि मौजूद थे। डॉ. भीमराव अम्बेडकर प्रचार संस्थान के तत्वावधान में विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। महासचिव मनोहर तुनगरिया के अनुसार कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान अध्यक्ष छगनलाल मौर्य होंगे। 14 अप्रैल को सुबह 9 बजे रोडवेज बस स्टैंड स्थित अंबेडकर सर्किल पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
झांकियों में झलकेगा बाबा साहेब का गौरव: नाॅर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन की ओर से अंबेडकर जयंती पर शनिवार सुबह 8.30 बजे यूनियन कार्यालय से वाहन रैली निकाली जाएगी। मंडल अध्यक्ष मोहन चेलानी ने बताया कि रेलवे बिसिट से अम्बेडकर सर्किल तक मार्च करेंगे। रैली में बाबा साहेब की सुंदर झांकियां भी होगी। अजमेर डिस्कॉम एससी-एसटी एम्पाइज वैलफेयर सोसायटी की ओर से हाथीभाटा पावर हाउस में अंबेडकर जयंती मनाई जाएगी। कर्मचारी नेता रमेशचंद चित्तोड़िया ने बताया कि सुबह 10 से 11.30 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डायरेक्टर टेक्नीकल केपी वर्मा होंगे।
सद्भावना पदयात्रा निकाली, समरसता का संदेश: विश्व हिंदू परिषद बजरंगदल अजमेर महानगर ने अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर बजरंगदल ने सूचना केंद्र चौराहे से रवाना होकर बजरंगगढ़ चौराहे से सद्भावना पदयात्रा निकाली। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह सेवा प्रमुख मोहनलाल खंडेलवाल व महानगर मंत्री लेखराज सिंह राठौड़ ने बताया कि हम सभी भारत माता के सपूत हैं। हम में किसी भी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं है। रैली में शशिप्रकाश इंदौरिया, अध्यक्ष सरदारमल जैन, कैलाश सिंह भाटी आदि विहिप कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जयंती की पूर्व संध्या पर आतिशबाजी: अनु जाति जनजाति संघर्ष समिति व डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी द्वारा पूर्व विधायक डॉ राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर अंबेडकर सर्किल पर बाबा साहब को पुष्प अर्पित किए एवं सर्किल के चारों ओर 201 दीपक जलाकर बाबा साहब को याद किया। इस मौके पर आतिशबाजी भी की और दीपक वाले गुब्बारे भी छोड़े। इस मौके पर बाबा साहब के सर्किल पर उद्घाटन पत्थर को साइड कर और सौंदर्यकरण के नाम पर एडीए द्वारा लगाए गए एडीए के पत्थर का भी विरोध किया गया। संघर्ष समिति द्वारा 14 अप्रैल सुबह 8.30 बजे बाबा साहब को पुष्प अर्पित कर याद किया जाएगा। इस अवसर पर देशराज मेहरा, जीवनराम मेघवंशी आदि लोग उपस्थित थे।
विश्व हिन्दू परिषद अजमेर द्वारा शुक्रवार को शिवम आईटीआई फॉयसागर रोड पर डॉ. अम्बेडकर जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता विभाग मंत्री शशि प्रकाश इंदौरिया ने डॉ. अम्बेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए छात्रों द्वारा बिना किसी भेदभाव के आपस में मिल जुलकर रहने का आह्वान किया तथा डॉ. अम्बेडकर द्वारा सभी के लिए एक मंदिर, एक श्मशान, एक कुएं का जो स्वप्न देखा, उसे साकार करें। महानगर मंत्री लेखराजसिंह राठौड़, कैलाश सिंह भाटी, सरदारमल जैन आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे। राकेश वर्मा ने सभी का आभार जताया।
पूर्व संध्या पर कवि सम्मेलन: डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर हिन्द सेवा दल अजमेर के तत्वावधान में अम्बेडकर सर्किल पर कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें कवि राजेश भटनागर, गौरव दुबे, गोविंद भारद्वाज, मोहन लाल, तेल सिंह कच्छावा, गंगाधर ने शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम संचालन लक्ष्मीकांत आर्य ने किया।
डॉ. अंबेडकर को पुष्पांजलि देते लोग व विहिप की ओर से आयोजित संगोष्ठी में उपस्थित अितथि।