श्री सैन जयंती धूमधाम से मनाई, निकाली शोभायात्रा
सैन समाज के कार्यक्रम में उपस्थित राज्यमंत्री देवनानी और अन्य अतिथि।
सिटी रिपोर्टर| अजमेर
श्री सैन जयंती महोत्सव समिति की ओर से शुक्रवार को 718वी सैन जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मार्गो से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सबसे आगे काली माई का अखाड़ा अपने हैरतअंगेज करतब दिखाकर चल रहा था। उसके पश्चात राधा कृष्ण, पंचमुखी बजरंग बली, सैनजी महाराज एवं शिवजी की अपने गणों सहित झांकियां थी। जुलूस के आगे सैन समाज के पुरुष एवं महिलाएं डीजे की धुन पर मस्त होकर नाच रहे थे।
शोभायात्रा पुरानी मंडी स्थित सैन मंदिर में सैनजी महाराज की पूजा एवं अर्चना से शुरू होकर नया बाजार चौपड़, आगरा गेट, नसियां, फव्वारा सर्किल, कप्तान दुर्गाप्रसाद चौधरी सर्किल होते हुए सावित्री कॉलेज चौराहा स्थित शिवकुंड नारायणी माता मंदिर जाकर समाप्त हुआ। जहां शिक्षा राज मंत्री वासुदेव देवनानी, उपमहापौर संपत सांखला ने सभी को कुरीतियों और नशे को छोड़कर शिक्षित होने की बात कही। उन्होंने कहा कि जो समाज तो कुरीतियों को त्यागकर उन्नति करता है देश भी प्रगति की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने अध्यक्ष त्रिलोकचंद चौहान को सैन र| से सम्मानित किया। कार्यक्रम के तहत गुरूवार को सैन मंदिर पुरानी मंडी में आयोजित पेंटिग, ड्राइंग और अंताक्षरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं, समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों और भामाशाहों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अशोक डूंकवाल, अजय कुमार सैन, दीपक सैन एवं कौशल सैन उपस्थित थे।संचालन बालमुकुंद सैन ने किया। संस्था अध्यक्ष त्रिलोक चंद चौहान ने आभार व्यक्त किया।